Manipur Violence | मणिपुर में उग्रवादियों ने तीन लोगों की हत्या की, कर्फ्यू में ढील की अवधि घटाई गई

By रेनू तिवारी | Aug 05, 2023

इंफाल। मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में शुक्रवार देर रात सामने आई हिंसा की ताज़ा घटनाओं में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। मृतक कथित तौर पर क्वाक्टा क्षेत्र के मैतेई समुदाय से हैं। हिंसा की ताज़ा घटनाओं में कुकी समुदाय के कई घर भी जला दिए गए। इसके बाद बिष्णुपुर जिले के क्वाक्टा इलाके में कुकी समुदाय और सुरक्षा बलों के बीच भारी गोलीबारी हुई. मणिपुर पुलिस और कमांडो जवाबी कार्रवाई कर रहे थे। बिष्णुपुर पुलिस के मुताबिक, मैतेई समुदाय के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कुकी समुदाय के कई घरों में आग लगा दी गई।

मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में शुक्रवार देर रात उग्रवादियों ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार सुबह बताया कि जिले के क्वाक्टा इलाके में तीनों लोगों को सोते समय गोलियां मारी गईं और फिर उन पर तलवार से हमला किया गया। पुलिस के मुताबिक, हमलावर चुराचांदपुर से आए थे। उसने कहा, तीनों एक राहत शिविर में रह रहे थे, लेकिन स्थिति में सुधार होने के बाद वे शुक्रवार को क्वाक्टा में अपने घर लौट गए थे।

इसे भी पढ़ें: मुझ पर लगे आरोपों से 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में मुझे फायदा मिलेगा, Donald Trump का बाइडेन पर निशाना

कर्फ्यू में ढील की अवधि घटाई गई

पुलिस के अनुसार, घटना के तुरंत बाद गुस्साई भीड़ क्वाक्टा में जमा हो गई और चुराचांदपुर की तरफ बढ़ने लगी, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक दिया। पुलिस ने कहा, “शनिवार सुबह क्वाक्टा के पास राज्य के सुरक्षा बलों और उग्रवादियों के बीच भारी गोलीबारी में एक पुलिसकर्मी समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिसकर्मी के चेहरे पर छर्रे लगे हैं। तीनों को इलाज के लिए इंफाल के राज मेडिसिटी में लाया गया है। वे खतरे से बाहर हैं।” इस बीच, जिला प्रशासन ने हिंसा के कारण इंफाल के दोनों जिलों में कर्फ्यू में ढील की अवधि कम कर दी है। एक अधिकारी ने कहा, “इंफाल के दोनों जिलों में कर्फ्यू में ढील का समय घटाकर सुबह पांच से साढ़े दस बजे तक कर दिया गया है। पहले यह ढील सुबह पांच बजे से शाम छह बजे तक लागू थी।” चार अगस्त को मणिपुर पुलिस ने बताया था कि सुरक्षा बलों के संयुक्त दल ने कुर्तुक पर्वतीय क्षेत्र में अभियान चलाकर लगभग सात अवैध बंकरों को नष्ट कर दिया।

मणिपुर में जातिय संघर्ष

मणिपुर में अनुसूचित जनजाति का दर्जा देने की मेइती समुदाय की मांग के विरोध में पर्वतीय जिलों में तीन मई को ‘आदिवासी एकजुटता मार्च’ के आयोजन के बाद राज्य में भड़की जातीय हिंसा में अब तक 160 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में मेइती समुदाय की आबादी करीब 53 प्रतिशत है और वे मुख्य रूप से इंफाल घाटी में रहते हैं। वहीं, नगा और कुकी जैसे आदिवासी समुदायों की आबादी 40 प्रतिशत है और वे अधिकतर पर्वतीय जिलों में रहते हैं।

प्रमुख खबरें

UN अवॉर्ड से Major Abhilasha Barak ने बढ़ाया देश का मान, PM Modi बोले- ये नारी शक्ति की प्रेरणा हैं

VIP काफिला छोड़ Metro में CM DK Shivakumar, LPG की बढ़ती कीमतों पर दिया बड़ा बयान

Jammu Demolition Drive: Talib Chaudhary की गिरफ्तारी पर बोलीं Mehbooba- यह सरासर अन्याय है

ATM Card की छुट्टी! अब Aadhaar से होगा Cash Withdrawal, जानें AePS का पूरा Process