बहराइच में मिनी बस और ट्रक की टक्‍कर, तीन महिलाओं समेत सात तीर्थयात्रियों की मौत

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 29, 2022

बहराइच (उप्र)। उत्तर प्रदेश में बहराइच-लखीमपुर मार्ग पर रविवार सुबह एक मिनी बस और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो जाने से बस में सवार तीन महिलाओं समेत सात तीर्थयात्रियों की मौत हो गई तथा नौ अन्य तीर्थयात्री गंभीर रूप से घायल हो गये। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अशोक कुमार ने रविवार को बताया कि कर्नाटक के बीदर जिले से 16 यात्री मिनी बस में सवार होकर तीर्थयात्रा के लिए अयोध्या जा रहे थे, लेकिन बहराइच-लखीमपुर मार्ग पर जिले के मोतीपुर थाना अंतर्गत नैनिहा मंडी के पास उनका वाहन विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गया और बस चालक सहित पांच तीर्थयात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा दो अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

इसे भी पढ़ें: 4 भारतीयों सहित 22 यात्रियों को लेकर जा रहा नेपाली विमान हुआ लापता, अनहोनी की आशंका?

मृतकों में शामिल शिव कुमार पुजारी (28) कर्नाटक के गुलबर्ग जिला अंतर्गत रुद्राबड़ी के रहने वाले थे। इसके अलावा अन्य छः मृतक जगदम्बा (52), मनमत (36), अनिल (30), सन्तोष (35), शशिकला (38) एवं सरस्वती (47) कर्नाटक के बीदर जिले के गांधी गंज थाना अंतर्गत गुम्बा निवासी थे। इनके अलावा गुम्बा निवासी शिवानी (25), सुजाता (35), दीपिका (16), वेवावती (45), शीतल (15) , संगमा (62) एवं अनिल (30) गंभीर रूप से घायल हैं।

भूमिका (15) एवं इशानवी (तीन) (दोनों गुम्बा निवासी) को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का जिला चिकित्सालय में इलाज चल रहा है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच जनपद में सड़क दुर्घटना से हुई जनहानि पर गहरा शोक प्रकट किया है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी दिनेश चंद्र सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी जिला अस्पताल पहुंचे और वहां चल रहे घायलों के इलाज का जायजा लिया है।

प्रमुख खबरें

Political Drama के बाद फिर BSP में वापस कैसे लौटे Akash Anand? क्या है Mayawati का 2027 वाला प्लान?

Google Cloud India के अंतरिम प्रमुख बने अमित कुमार, शशिकुमार श्रीधरन ने छोड़ा पद

Dandiya Night Outfits: Garba Nights में ट्रेडिशनल लुक के लिए Bandhani Lehenga और Indo Western करें ट्राई

J&K में UCC लागू करने से इंकार करते हुए Omar Abdullah ने मोदी सरकार को दे डाली बड़ी चुनौती