By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 03, 2026
मिनियापोलिस (अमेरिका), तीन सितंबर (एपी) अमेरिका के मिनेसोटा राज्य के मिनियापोलिस शहर में एक अपार्टमेंट में बुधवार दोपहर को गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गयी और संदिग्ध भी मृत मिला जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस सार्जेंट गैरेट पार्टेन ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि गोलीबारी में घायल हुए पांच लोगों में मिनियापोलिस पुलिस के दो अधिकारी भी शामिल हैं।
इसके दो मिनट बाद पुलिस अधिकारी इमारत में दाखिल हुए। उन्होंने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने गोलियों की और आवाजें सुनीं तथा इमारत की ऊपरी मंजिल पर पहुंचे। वहां उन्हें ‘‘धुंध जैसी स्थिति मिली, जिससे उनकी देखने की क्षमता काफी सीमित हो गई थी।’’ उन्होंने बताया कि एक पुलिस अधिकारी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे अधिकारी के पेट में दो गोलियां लगीं।
अधिकारियों ने संदिग्ध हमलावर के बारे में कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन बताया कि गोलीबारी की घटना से पहले वे उस व्यक्ति से परिचित थे। पीटरसन ने बताया कि एक व्यक्ति की गोली लगने के कारण घटनास्थल पर ही मौत हो गयी थी जबकि दूसरे की अस्पताल पहुंचने के बाद मौत हुई। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली चलाने वाले व्यक्ति की मौत किस तरह हुई।
हेन्नेपिन काउंटी चिकित्सा केंद्र ने बताया कि उसके पास कुल सात मरीजों को लाया गया, लेकिन उसने घायलों के बारे में अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की। अपार्टमेंट में रहने वाले क्रिस मिलर ने बताया कि उन्हें लगता है कि वह उस व्यक्ति को जानते हैं जिसने गोलीबारी की। मिलर ने बताया कि इसी सप्ताह की शुरुआत में अपार्टमेंट के गलियारे में उनका सामना एक ऐसे व्यक्ति से हुआ था, जिसके हाथ में हैंडगन थी।
उन्होंने उस व्यक्ति की शिकायत इमारत के प्रबंधन से भी की थी। मिनेसोटा के गवर्नर टिम वॉल्ज ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि राज्य के अधिकारी स्थानीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों की मदद के लिए घटनास्थल पर मौजूद हैं। संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) भी गोलीबारी की घटना पर कार्रवाई कर रहा है।
एफबीआई निदेशक काश पटेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि एजेंसी ‘‘स्थानीय अधिकारियों की सहायता के लिए आवश्यक सभी संसाधन उपलब्ध कराएगी।