Mirra Andreeva ने Elina Svitolina को सीधे सेटों में हराकर WTA Finals जीता

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 16, 2026

मीरा आंद्रीवा ने एलिना स्वितोलिना को हराकर बिना एक भी सेट गंवाए डब्ल्यूटीए फाइनल्स टेनिस टूर्नामेंट का खिताब जीतकर साल का शानदार अंत किया जिसमें उन्होंने अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता और विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान तक पहुंचीं। रूस की 19 वर्षीय मीरा ने रविवार को यूक्रेन की 32 वर्षीय स्वितोलिना को 7-5, 6-3 से हराकर सत्र के आखिरी टूर्नामेंट में अपने सभी पांच मुकाबले जीते। इस प्रदर्शन से उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ विश्व रैंकिंग हासिल की।

उनसे आगे केवल कजाखस्तान की एलेना रिबाकिना हैं। मीरा को इस खिताबी जीत के लिए 33 लाख 70 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि और विशेष रूप से तैयार की गई ‘अल्ट्रावायलेट पर्पल’ रंग की ‘मर्सिडीज-बेंज कन्वर्टिबल’ कार मिली। कार को इंडियन वेल्स टेनिस गार्डन के कोर्ट पर लाए जाने के बाद मीरा खुशी-खुशी ड्राइविंग सीट पर बैठीं।

उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरे लिए जल्द से जल्द ड्राइविंग लाइसेंस हासिल करने की शानदार प्रेरणा है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो मेरी टीम में पांच लोग हैं। मैं हमेशा उनकी गाड़ी में बैठकर सफर करने वाली राजकुमारी भी बनी रह सकती हूं।

यह भी एक विकल्प है।’’ मीरा बिना कोई सेट गंवाए डब्ल्यूटीए फाइनल्स जीतने वाली 11वीं खिलाड़ी बन गईं। उनसे पहले क्रिस एवर्ट, मार्टिना नवरातिलोवा और सेरेना विलियम्स सहित कई दिग्गज खिलाड़ी यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। इन तीनों ने यह कारनामा एक से अधिक बार किया था।

युगल वर्ग में केटरीना सिनियाकोवा और टेलर टाउनसेंड की जोड़ी ने सारा एरानी और जैस्मीन पाओलिनी की इटली की जोड़ी को 6-4, 6-3 से हराकर खिताब जीता। चेक गणराज्य की सिनियाकोवा और अमेरिका की टाउनसेंड की जोड़ी का यह साल का छठा खिताब है।

प्रमुख खबरें

Iran को हराना असंभव है! अब अमेरिकी नेताओं ने भी कबूल कर लिया सच, बस एक रास्ता है...

Pali Hospital में चूहों के काटने और कुत्ते के घूमने पर चार कर्मचारियों पर गिरी गाज

महिलाओं के सम्मान के लिए खड़ा हुआ, तो ताकतवर लॉबी ने सजा दी..., Vivek Oberoi का छलका दर्द, करियर बर्बाद होने की सुनाई पूरी दास्तां

जाते-जाते ट्रंप के बिना ही ईरान में तबाही मचा जाएंगे नेतन्याहू? क्या है खतरनाक प्लान, जिसने अमेरिका को भी डरा दिया