Mirzapur में पक्की सड़क की मांग पर 400 स्कूली बच्चों ने किया प्रदर्शन

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 08, 2026

मिर्जापुर (उप्र), सात सितंबर मिर्जापुर जिले के चेरुईराम कंपोजिट विद्यालय के सामने सोमवार को 400 से अधिक स्कूली छात्रों ने अपने स्कूल के बाहर एक अच्छी सड़क बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना था कि स्कूल तक पहुंचने के लिए उन्हें खेतों की मेड़ों के किनारे-किनारे लगभग एक किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता है। जिला मुख्यालय से करीब आठ किलोमीटर दूर सिटी ब्लॉक के चेरुईराम कंपोजिट स्कूल के बाहर सुबह करीब 10 बजे स्कूल खुलने के समय पर प्रदर्शन शुरू हुआ।

छात्रों ने मांग की कि सरकार, चुने हुए प्रतिनिधि और अधिकारी तुरंत इस समस्या का समाधान करें और स्कूल तक एक पक्की सड़क बनवाएं। अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शन करीब दो घंटे तक चला और नायब तहसीलदार तथा खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) द्वारा सड़क का काम शुरू करने का आश्वासन दिए जाने के बाद इसे खत्म कर दिया गया। प्रदर्शन में शामिल माता-पिता ने कहा कि बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जब रास्ते पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे बच्चों के फिसलकर गिरने का खतरा बढ़ जाता है।

उन्होंने कहा कि स्कूल बनने के समय से ही इसी रास्ते का इस्तेमाल किया जा रहा है। गांव के निवासी गुलाब ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से बारिश के मौसम में बच्चों की मुश्किलों को देख रहे हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि पहले सड़क नहीं बन पाई थी क्योंकि प्रस्तावित रास्ते के किनारे की जमीन निजी किसानों की है।

वर्मा ने कहा, ‘‘आज की घटना के बाद, ग्रामीण पांच फुट चौड़ा रास्ता देने के लिए सहमत हो गए हैं और मंगलवार से इस पर काम शुरू हो जाएगा।’’ उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग की एक टीम मौके पर मौजूद थी और कहा कि अभी बच्चों को मुख्य सड़क से उतरने के बाद स्कूल पहुंचने के लिए लगभग 500 से 700 मीटर पैदल चलना पड़ता है।

प्रमुख खबरें

Delhi के Satya Niketan में इमारत ढहने से MP के 2 छात्रों समेत 7 की मौत

Satya Niketan हादसे के बाद MCD के 28 लाख इमारतों वाले सर्वे पर उठे सवाल

Rishi Madlani बने Keir Starmer की खाली लंदन सीट से चुनाव लड़ने वाले एकमात्र भारतीय उम्मीदवार

Vivo Money Laundering Case में सुप्रीम कोर्ट ने चीनी नागरिक से मांगी भारत वापसी की गारंटी