बहकी बहकी किताबें (व्यंग्य)

By डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’ | Jun 10, 2023

वे किताबें नालों में पड़ी लोट रही थीं। पहले लगा हो न उन किताबों में शराब की प्रचार-प्रसार सामग्री छपी होगी। उनमें भी नशा चढ़ गया होगा। इसीलिए उनका यह हाल हो रहा है। बाद में किसी भलमानुस ने बताया कि इन्हें बच्चों तक पहुँचाना था। स्कूल जो शुरु होने वाले हैं। किताबें भी सोचने लगीं- मज़िल थी कहीं जाना था कहीं तक़दीर कहाँ ले आई है। कहने को तो स्मार्ट सिटी में हैं, फिर यह स्वच्छ भारत अभियान के पोस्टर के साथ इस नाले में क्या कर रही हैं? बाद में उन्हें समझ में आया कि स्मार्ट होने का मतलब शायद यही होता होगा।

इसे भी पढ़ें: शादी में शगुन भुगतान (व्यंग्य)

इन सबके बीच सामाजिक अध्ययन की किताबें कूद पड़ी– अरे-अरे! तुम लोगों में थोड़ी भी सामाजिकता नहीं है। मिलजुलकर रहना आता ही नहीं। कुछ सीखो मुझसे। इतना सुनना था कि विज्ञान की किताबें टूट पड़ी– अच्छा बहिन तुम चली हो सामाजिकता सिखाने। तुम्हारी सामाजिकता के चलते लोग आपस में लड़ रहे हैं। कोई नरम दल है तो कोई गरम दल। कोई पूँजीवाद का समर्थक तो कोई किसी और का। तुम तो रहने ही दो। कहाँ की बेकार की बातें लेकर बैठ गई हो। आज न कोई भाषा पढ़ता है न सामाजिक अध्ययन। लोग तो विज्ञान पढ़ते हैं। डॉक्टर बनते हैं। कभी सुना किसी को कि वह कवि या लेखक बनना चाहता है या फिर समाज सुधारक? तभी मोटी और बद्सूररत सी लगने वाली गणित की किताब ने सभी को डाँटते हुए कहा– मेरे बिना किसी की कोई हस्ती नहीं है। आज दुनिया में सबसे ज्यादा लोग इंजीनियर बन रहे हैं। सबका हिसाब-किताब रखती हूँ। 

सभी एक-दूसरे से लड़ने लगीं। वहीं एक कोने में कुछ किताबें सिसकियाँ भर रही थीं। यह देख हिंदी, अंग्रेजी, सामाजिक अध्ययन, विज्ञान और गणित की किताबें लड़ाई-झगड़ा रोककर कोने में पड़ी किताबों की सिसकियों का कारण पूछने लगीं। उन किताबों ने बताया– हम मूल्य शिक्षा, जीवन कौशल शिक्षा और स्वास्थ्य शिक्षा की किताबें हैं। हम छपती तो अवश्य हैं लेकिन बच्चों के लिए नहीं बल्कि कांट्रेक्टरों के लिए। आप सभी सौभाग्यशाली हो कि कम से कम आप लोगों को बच्चों की छुअन का सुख तो मिलता है। हम हैं कि स्टोर रूम में पड़ी-पड़ी सड़ने के सिवाय कुछ नहीं कर सकतीं। उधर, व्हाट्सप पर यह किस्सा पढ़कर बच्चे लोट-पोट हो रहे थे। 

- डॉ. सुरेश कुमार मिश्रा ‘उरतृप्त’

प्रसिद्ध नवयुवा व्यंग्यकार

प्रमुख खबरें

Nepal Floods में 130 से ज्यादा भारतीय लापता, फंसे लोगों की मदद के लिए हेल्पलाइन जारी

Allahabad High Court ने RTE Act के तहत 5 साल के स्कूलवार दाखिलों की रिपोर्ट मांगी

Nepal Flood के खतरे से Bihar और UP में High Alert, राहत दल तैनात किए गए

R Praggnanandhaa को Grand Chess Tour में मिली हार, Caruana ने बनाई 6 अंक की बढ़त