MK Stalin बोले, Lok Sabha में तमिलनाडु की 7.18 प्रतिशत सीट हिस्सेदारी कम न हो

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

संसद का विशेष सत्र बुलाये जाने और परिसीमन को लेकर बढ़ी सरगर्मी के बीच द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने शुक्रवार को एक बार फिर दोहराया कि किसी भी परिस्थिति में लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत सीटों की हिस्सेदारी को कम नहीं किया जाना चाहिए। द्रमुक प्रमुख ने कहा कि राज्यों के बीच संसदीय प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात 1971 की जनगणना पर आधारित है और इसे इसी आधार पर बनाए रखने की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने मांग की कि अगले 25 वर्षों तक भी इसी आधार पर लोकसभा की सीटों का परिसीमन होना चाहिए।

स्टालिन ने एक बयान में कहा कि द्रमुक लोकसभा सीटों में तमिलनाडु की 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी और प्रतिनिधित्व के अनुपात की अपनी मांगों पर अडिग है। केंद्र की भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा परिसीमन के मुद्दे पर आगे बढ़ने की संभावनाओं के बीच द्रमुक अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हमारे रुख में कोई बदलाव नहीं आया है और न ही इस पर कोई समझौता हो सकता है। द्रमुक तमिलनाडु के हितों से कभी समझौता नहीं करेगी और न ही अपने सिद्धांतों से हटेगी।’’ तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद द्रमुक का साथ छोड़ सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के साथ जाने वाली कांग्रेस पर निशाना साधते हुए स्टालिन ने कहा, ‘‘सत्ता और पदों के लिए अपने सिद्धांतों को त्याग देने वाले बेशर्म और कृतघ्न लोगों को यह बात समझ लेनी चाहिए।’’ उन्होंने कहा कि न तो मीडिया में चल रही अटकलें और न ही ‘पीठ में छुरा घोंपने वालों का रोना-धोना’ द्रमुक के संकल्प को डिगा सकता है।

द्रमुक प्रमुख ने याद दिलाया कि तमिलनाडु विधानसभा द्वारा पारित एक प्रस्ताव और निष्पक्ष परिसीमन के लिए संयुक्त कार्य समिति की बैठक (22 मार्च 2025) में अपनाए गए प्रस्तावों के अनुरूप, उनकी पार्टी ने दो स्पष्ट मांगें रखी थीं। स्टालिन ने मांगों का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘अगर संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो किसी भी स्थिति में लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत सीट हिस्सेदारी में कटौती नहीं होनी चाहिए। यह अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर तय किया गया और पहले से ही स्थिर किया गया था तथा मौजूदा अनुपात को अगले 25 वर्षों तक और स्थिर रखना चाहिए।’’ स्टालिन ने कहा कि भारत में द्रमुक पहली ऐसी पार्टी थी जिसने परिसीमन के ‘खतरों’ के खिलाफ अपनी आवाज उठाई।

उन्होंने कहा कि चेन्नई में ही पहली बार देश भर के नेता निष्पक्ष परिसीमन की मांग करने के लिए एक मंच पर आए थे।

प्रमुख खबरें

भारतीय निर्यातक Free Trade Agreement का उठाएं पूरा लाभ, RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा की सलाह

Jasprit Bumrah दोनों टीमों के बीच बड़ा अंतर, न्यूजीलैंड के Chris Cairns ने की तारीफ

जल बोर्ड टेंडर केस: Satyendar Jain की जमानत पर High Court में ACB की अर्जी, 22 दिसंबर को सुनवाई

UP Voter List: Akhilesh Yadav का आरोप, लाखों फर्जी नाम जोड़ने की तैयारी में BJP और ECI