भारतीय निर्यातक Free Trade Agreement का उठाएं पूरा लाभ, RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा की सलाह

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को कहा कि भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) पर हस्ताक्षर करने वाले देश इन समझौतों का लाभ भारतीय निर्यातकों की तुलना में कहीं बेहतर तरीके से उठा रहे हैं। उन्होंने भारतीय कंपनियों से इन समझौतों का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया। मल्होत्रा ने कहा कि घरेलू निर्यातक एफटीए का बहुत कम इस्तेमाल कर रहे हैं।

भारत के मुक्त व्यापार समझौतों के तहत कम शुल्क का लाभ उठाने के पात्र भारतीय निर्यातकों में से केवल 20-30 प्रतिशत ही इसका फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने यहां लघु एवं मझोले उद्यमों (एसएमई) के वित्त और निवेश शिखर सम्मेलन में कहा, भारत को निर्यात करने वाले भागीदार देशों के 60-70 प्रतिशत निर्यातक इन समझौतों का लाभ उठा रहे हैं, जबकि भारत में इनका इस्तेमाल बेहद कम है। इस तरह हम एक बड़े अवसर का लाभ उठाने से चूक रहे हैं।

भारत ने पिछले पांच वर्षों में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और न्यूजीलैंड सहित कई देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। इनमें से कुछ समझौते अभी लागू होने बाकी हैं, जबकि अन्य देशों के साथ बातचीत जारी है। मल्होत्रा ने भारतीय निर्यातकों से अपने क्षेत्र के लिए प्रासंगिक मुक्त व्यापार समझौतों की जानकारी लेने, गुणवत्ता, मानकों और प्रमाणन में निवेश करने तथा संबंधित एजेंसियों से मिलने वाली सहायता का लाभ उठाने को कहा।

उन्होंने लघु उद्यमों से अपनी क्षमता के दम पर प्रतिस्पर्धा करने और सरकारी एजेंसियों से मिलने वाली सहायता को केवल प्रोत्साहन के रूप में देखने का आग्रह किया, न कि उस पर निर्भर रहने को कहा। आरबीआई गवर्नर ने कहा कि छोटे कारोबार अकाउंट एग्रीगेटर , व्यापार प्राप्तियों के वित्तपोषण के मंच और एकीकृत ऋण सुविधा जैसी व्यवस्थाओं का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने कहा, बैंक ऋण तक ही सीमित न रहें, बल्कि इक्विटी, उद्यम पूंजी और बकाया बिलों के आधार पर कर्ज लेने जैसे विकल्पों पर भी विचार करें।

अपने कारोबार के स्तर और जरूरत के हिसाब से वित्तपोषण का विकल्प चुनें। मल्होत्रा ने एमएसएमई ऋणों को गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) घोषित करने की अवधि 90 दिन से बढ़ाकर 180 दिन करने की मांग खारिज कर दी। उन्होंने छोटे कारोबारियों से ऋणदाताओं के साथ बेहतर शर्तों पर बातचीत करने और अपनी नकदी की उपलब्धता के अनुरूप ऋण चुकाने के लिए अधिक मोहलत लेने की व्यवस्था करने को कहा, ताकि उनका ऋण एनपीए बनने से बच सके।

उन्होंने बैंकों और आरबीआई के अधिकारियों से छोटे कारोबारियों के साथ खुलकर संवाद करने का आग्रह किया। इससे निर्णय लेने की प्रक्रिया बेहतर होगी और प्रभावी नीतियां बनाने में मदद मिलेगी। मल्होत्रा ने कहा कि कारोबारियों से मिलना महत्वपूर्ण है और उनकी मंशा पर संदेह नहीं करना चाहिए।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि रिजर्व बैंक एमएसएमई क्षेत्र के लिए ऋण की उपलब्धता बढ़ाने और इसकी बाधाओं को दूर करने के प्रयास जारी रखेगा। उन्होंने इस क्षेत्र को किसी भी अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा बताया। उन्होंने बैंकों से एमएसएमई क्षेत्र को कर्ज देने को केवल नियामकीय अनुपालन का मामला नहीं मानने को कहा।

बैंकों को इन उद्यमों को अपनी वृद्धि में संभावित भागीदार के रूप में देखना चाहिए और इस क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के सामाजिक महत्व को भी समझना चाहिए। मल्होत्रा ने कहा, भारत के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में एमएसएमई क्षेत्र की हिस्सेदारी 31 प्रतिशत है। विनिर्माण उत्पादन में इसका योगदान 35 प्रतिशत और वस्तुओं के कुल निर्यात में करीब आधा है।

कृषि के बाद यह रोजगार देने वाला दूसरा सबसे बड़ा क्षेत्र है और 45 करोड़ लोगों को रोजगार देता है। उन्होंने 2025 के एक सर्वेक्षण का हवाला देते हुए कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) से एमएसएमई क्षेत्र के लिए 685 अरब डॉलर तक का आर्थिक मूल्य सृजित हो सकता है। उन्होंने छोटे कारोबारियों से इस प्रौद्योगिकी में निवेश करने का आग्रह किया।

फिलहाल केवल पांच प्रतिशत एमएसएमई ही सक्रिय रूप से एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं। मल्होत्रा ने एमएसएमई के विस्तार और इस श्रेणी से निकलकर बड़े उद्यम बनने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में देश के केवल 10 प्रतिशत बड़े उद्यम ही ऐसे रहे हैं, जो कभी एमएसएमई श्रेणी में शामिल थे।

प्रमुख खबरें

ASHA कार्यकर्ताओं से काम पर लौटने की अपील, DK Shivakumar बोले- दबाव में नहीं होगा फैसला

Delhi Pollution: क्या फेफड़ों में कालापन Lung Cancer और स्थायी डैमेज का संकेत है

Jasprit Bumrah दोनों टीमों के बीच बड़ा अंतर, न्यूजीलैंड के Chris Cairns ने की तारीफ

जल बोर्ड टेंडर केस: Satyendar Jain की जमानत पर High Court में ACB की अर्जी, 22 दिसंबर को सुनवाई