आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी विधायक के पुत्र को पुलिस हिरासत में लिया गया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jan 08, 2022

हैदराबाद| तेलंगाना के भद्राद्री-कोठगुडेम जिले में एक व्यापारी और उसके परिवार के तीन सदस्यों को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में सत्तारूढ़ टीआरएस के एक विधायक के बेटे को शुक्रवार रात को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित वीडियो में मृतक ने विधायक के बेटे पर उसकी पत्नी के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने और आत्महत्या के लिये उकसाने का आरोप लगाया था।

इस मामले में राघवेंद्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया और तब से ही वह फरार था। हालांकि वनमा राघवेंद्र राव ने अपने ऊपर लगे आरोपों का इससे पहले खंडन किया था।

पुलिस ने कहा कि उन्होंने एक स्थानीय अदालत में वीडियो पेश किया है। इससे पहले, पीड़ित ने कथित सुसाइड नोट में विधायक के बेटे को आत्महत्या के लिये जिम्मेदार ठहराया था। नोट में मृतक की मां और बड़ी बहन के नाम का भी जिक्र है, जिनके साथ उसका संपत्ति का विवाद था।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया था। तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी, भाजपा और वाम दलों समेत कई राजनीतिक दलों ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

विपक्षी दलों ने बृहस्पतिवार को इस मामले को लेकर प्रदर्शन किया था। शुक्रवार को उन्होंने रैलियां निकालकर वनमा राघवेंद्र राव की गिरफ्तारी की मांग की।

टीआरएस सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव के निर्देश के बाद पार्टी ने राघवेंद्र राव को निलंबित कर दिया है।

प्रमुख खबरें

AIIMS Nagpur: सुरक्षा के आश्वासन के बाद रेजिडेंट डॉक्टरों की हड़ताल खत्म

Odisha School Textbooks में मिलीं 1741 गलतियां, सरकार ने पूर्व निदेशक सहित चार को किया निलंबित

S Jaishankar ने नाविकों पर हमलों को बताया अस्वीकार्य, Liberia के साथ मिलकर बनाया मित्र समूह

संसदीय समिति करेगी PSU और सरकारी विभागों में OBC प्रतिनिधित्व की समीक्षा