By अभिनय आकाश | Sep 29, 2026
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे और UBT सेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की और घोषणा की कि 4 अक्टूबर को चुनाव आयोग के खिलाफ एक विरोध मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च भायखला से BMC मुख्यालय तक जाएगा। राज ठाकरे ने कहा 4 तारीख को एक संयुक्त विरोध मार्च निकाला जाएगा। यह मार्च भायखला से BMC मुख्यालय तक जाएगा। यह विरोध प्रदर्शन चुनाव आयोग के खिलाफ होगा। MNS प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी कई सालों से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVMs) और चुनाव आयोग के कामकाज पर सवाल उठाती रही है। उन्होंने कहा कि कई सालों से हम लगातार EVM और चुनाव आयोग के मनमाने फैसलों पर सवाल उठाते रहे हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।" राज ठाकरे ने आगे कहा मैं सभी पार्टियों को इस विरोध मार्च में शामिल होने के लिए आमंत्रित करना चाहता हूं। उन्होंने चुनाव आयोग के खिलाफ 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन को भी अपना समर्थन दिया। MNS प्रमुख ने कहा हम CJP के 'जेल भरो' आंदोलन को पूरा समर्थन देंगे।" यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब मतदाता सूची के 'स्पेशल इंटेंसिव रिविजन' (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष का विरोध तेज हो रहा है। इस बीच, दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि 2 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के लिए अभी तक कोई अनुमति नहीं दी गई है।
आप दिल्ली के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को लोगों से जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। संभावना है कि विपक्षी दल भी इसमें शामिल होंगे या अलग से विरोध प्रदर्शन करेंगे। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने 2 अक्टूबर को शाम 4 बजे मुंबई के शिवाजी पार्क में "जेल भरो आंदोलन" करने की घोषणा की है। दिपके ने पहले कहा था कि मुंबई पुलिस ने सीजेपी के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है। मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया कि बॉम्बे हाई कोर्ट के 2013 के आदेश के कारण उन्हें शिवाजी पार्क में सभा करने की अनुमति देने का अधिकार नहीं है और यह इलाका साइलेंस ज़ोन है। पुलिस ने कहा कि आवेदक अजिंक्य शिंदे को मुंबई में कोई दूसरी जगह तलाशने की सलाह दी गई थी। इससे पहले, शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने भी कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों का समर्थन करने की घोषणा की है। उन्होंने एक्स पर कहा कि अगर ज्ञानेश नहीं हटते हैं, तो मुंबई 2 अक्टूबर से 'वोट चोरी' के खिलाफ बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरेगी!