मोदी का चन्द्रबाबू नायडू पर हमला, कहा- पाला बदलने और धोखा देने में आगे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 10, 2019

गुंटूर (आंध्रप्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चन्द्रबाबू नायडू की कटु आलोचना करते हुए कहा कि तेदेपा प्रमुख राज्य के विकास के वादों से ‘यू-टर्न’ लेकर सिर्फ राजग सरकार की योजनाओं की नकल का प्रयास कर रहे हैं।मोदी ने यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हमारी सरकार ने विशेष दर्जा के मुकाबले आंध्र प्रदेश को बहुत ज्यादा दिया। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने इस पैकेज को स्वीकार भी किया लेकिन धन का समुचित प्रयोग करने में विफल रहने और राज्य का विकास नहीं कर पाने पर उन्होंने ‘यू-टर्न’ ले लिया।’’ कांग्रेस-तेदेपा गठबंधन के लिए नायडू पर तंज करते हुए मोदी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री एन. टी. रामा राव (एनटीआर) ने कांग्रेस के अहं से पीड़ित होकर आंध्र प्रदेश को ‘कांग्रेस मुक्त’ बनाने के लिए पार्टी का गठन किया था।उन्होंने यहां एक रैली में कहा कि हां, नायडू उनसे वरिष्ठ हैं, लेकिन सिर्फ चुनाव हारने, पाला बदलने और अपने ससुर (एनटी रामा राव) को धोखा देने में। उन्होंने कहा, ‘‘वह मुझे याद दिलाते रहते हैं कि वह वरिष्ठ हैं। इसमें कोई दो-राय नहीं है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चूंकि आप वरिष्ठ हैं, मैंने कभी आपका अपमान नहीं किया। आप पाला बदलने में वरिष्ठ हैं।’’ 

मोदी ने कहा, ‘‘अपने ही ससुर की पीठ में छुरा भोंकने वाला वरिष्ठ... । एक वरिष्ठ चुनाव-दर-चुनाव हार रहा है, जबकि मैं नहीं।’’ उन्होंने कहा, यहां तक कि नायडू आज जिसे गालियां देंगे, कल उसी को गले लगाने में भी वरिष्ठ हैं। मोदी ने आरोप लगाया कि चूंकि केन्द्र ने आंध्र प्रदेश को दिए गए धन के एक-एक पैसे का हिसाब मांगा है, इसलिए नायडू उनके खिलाफ हैं।उन्होंने कहा कि नायडू ने एनटीआर के पद-चिह्नों पर चलने का वादा किया था, ‘‘क्या वह ऐसा कर पाए हैं?’’ उन्होंने कहा, ‘‘(कांग्रेस के शासनकाल में) दिल्ली का अहं हमेशा राज्यों का अपमान करता था। इसलिए एनटीआर ने आंध्र प्रदेश को कांग्रेस मुक्त बनाने का फैसला लिया और तेदेपा का गठन किया। नायडू के कांग्रेस के साथ हाथ मिलाने पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, जिस तेदेपा नेता को नामदारों के अहं का विरोध करना चाहिए था और उसे चकनाचूर करना चाहिए था, वह उनके साथ हाथ मिला रहे हैं। मोदी ने कहा कि इस चौकीदार ने उनकी नींद खराब कर दी है.... आंध्र प्रदेश को दिए हर पैसे का हिसाब चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि नायडू ने आंध्र प्रदेश के सूर्योदय का वादा किया था लेकिन वह सिर्फ अपने पुत्र एन. लोकेश के उदय में लगे रहे।प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि अमरावती के पुन:विकास का वादा करने वाले मुख्यमंत्री अब अपने विकास में जुटे हुए हैं।

यह भी पढ़ें: सुहेलदेव पार्टी की धमकी, कहा- मांगें नहीं सुनी तो भाजपा से तोड़ लेंगे नाता

उन्होंने कहा कि नायडू गरीबों के लिए नई योजनाएं शुरू करने के स्थान पर राजग सरकार की योजनाओं को अपना बताते रहे हैं।देश को स्वच्छ ऊर्जा मुहैया कराने के संबंध में मोदी ने कहा कि 60 साल में जहां सिर्फ 12 करोड़ गैस कनेक्शन दिये गए थे तो वहीं राजग सरकार ने सिर्फ चार साल में 13 करोड़ कनेक्शन दिए हैं।रैली को संबोधित करने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने रिमोट कंट्रोल प्रणाली के जरिए दो पेट्रोलियम और गैस परियोजनाओं, विशाखापत्तनम में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण एक पेट्रोलियम भंडार और अमलापुरम में गैस फील्ड का लोकार्पण किया। उन्होंने एसपीएस नेल्लोर जिले के कृष्णपत्तनम में भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के तटवर्ती टर्मिनल की आधारशिला रखी। रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि हमारा लक्ष्य नया भारत बनाना है जो स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त हो। ऐसी परियोजनाएं ऊर्जा के क्षेत्र में देश की आत्मनिर्भरता के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र देश के विभिन्न हिस्सों में तेल भंडार बना रहा है ताकि जरूरत के वक्त में तेल/गैस की कमी से ना जूझना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार भारत को स्वच्छ ऊर्जा अर्थव्यवस्था बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और इस दिशा में तमाम परियोजनाएं शुरू की गई हैं।पिछले साल मार्च में तेदेपा के राजग से रिश्ता तोड़ने के बाद मोदी का आंध्रप्रदेश का यह पहला दौरा है। आंध्रप्रदेश के साथ, विभाजन के बाद ‘‘अन्याय’’ का आरोप लगाते हुए चंद्रबाबू नायडू की तेदेपा ने भाजपा नीत राजग से रिश्ता तोड़ लिया था। प्रोटोकॉल की अवहेलना करते हुए राज्य सरकार का कोई भी मंत्री गन्नावरम हवाईअड्डे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगवानी करने नहीं आया।भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया है कि लोगों को रैली स्थल तक जाने से रोका गया। तेदेपा कार्यकर्ताओं ने मोदी का विरोध करते हुए काले गुब्बारे उड़ाए। इस पर प्रधानमंत्री ने कहा कि वह इसका स्वागत करते हैं क्योंकि बुराई से बचाव के लिए काले रंग का उपयोग करने की परंपरा रही है। 

प्रमुख खबरें

छह युवा वैज्ञानिकों को मिला Infosys Prize 2026 सम्मान, 100000 Dollar का मिलेगा नकद पुरस्कार

मुनक नहर पर Chhath Ghat का उद्घाटन, Nitin Nabin ने पूर्व सरकार पर साधा निशाना

PM Modi कर्नाटक में शुरू करेंगे 15600 करोड़ रुपये की परियोजनाएं, Pink Line और Vande Bharat की देंगे सौगात

Swachh Survekshan में इंदौर को मिले सर्वाधिक अंक, पुष्यमित्र भार्गव बोले जारी हो स्कोरकार्ड