By अभिनय आकाश | May 16, 2023
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जल्द ही नए संसद भवन का उद्घाटन करने की संभावना है। नया संसद भवन दिल्ली में लुटियंस जोन्स में है। इसका निर्माण सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना के हिस्से के रूप में किया गया है। नए संसद भवन का उद्घाटन महीने के अंत तक किया जाएगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ये वो वक्त है जब राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सत्ता में नौ साल पूरे हो रहे हैं।
शिलान्यास के दौरान मोदी ने कहा कि सालों से नए संसद भवन की जरूरत महसूस की जा रही थी। 21वीं सदी के भारत को एक नए संसद परिसर की जरूरत है। पुरानी इमारत ने देश की जरूरतों को पूरा किया, नया संसद भवन देश की आकांक्षाओं को पूरा करेगा। नया संसद भवन परिसर 64,500 वर्ग मीटर है और यह 20,000 करोड़ रुपये की सेंट्रल विस्टा परियोजना का एक हिस्सा है। संसद भवन परियोजना की लागत 971 करोड़ रुपये आंकी गई है। इमारत भूकंप प्रतिरोधी होगी और इसमें प्रत्यक्ष रूप से 2,000 कर्मचारी और अप्रत्यक्ष रूप से 9,000 कर्मचारी शामिल होंगे। नए संसद भवन में लगभग 1,200 सांसदों के आवास की क्षमता होगी।