By अंकित सिंह | Mar 28, 2025
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने हाइब्रिड एन्युटी मोड पर बिहार में 4-लेन ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड पटना-आरा-सासाराम कॉरिडोर (NH-119A) (120.10 किमी) के निर्माण को मंजूरी दी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह परियोजना पटना-आरा-सासाराम को जोड़ेगी। यह परियोजना पांच राष्ट्रीय राजमार्गों और चार राज्य राजमार्गों को जोड़ेगी। इससे बिहार में भीड़भाड़ काफी कम हो जाएगी। अश्विनी वैष्णव ने आगे बताया कि कोसी नदी पूरे बिहार राज्य में बहने वाले पानी का एक प्रमुख स्रोत है और कोसी नदी के पानी को मेची नदी से जोड़ने के लिए 6,282 करोड़ रुपये की एक बड़ी परियोजना को मंजूरी दी गई है।
केंद्र सरकार ने 22,919 करोड़ रुपये के परिव्यय के साथ गैर-सेमीकंडक्टर इलेक्ट्रॉनिक्स कलपुर्जा क्षेत्र के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना शुरू करने की शुक्रवार को मंजूरी दे दी। केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिए गए इस फैसले की जानकारी दी। वैष्णव ने संवाददाताओं से कहा कि गैर-सेमीकंडक्टर इलेक्ट्रॉनिक्स कलपुर्जा क्षेत्र के लिए लाई गई इस प्रोत्साहन योजना से करीब 59,350 करोड़ रुपये का निवेश आएगा। वैष्णव ने कहा, इलेक्ट्रॉनिक्स कलपुर्जा पीएलआई योजना के तहत निष्क्रिय कलपुर्जों को मंजूरी दी गई है। इस योजना का कुल प्रावधान 22,919 करोड़ रुपये का है। यह छह साल से अधिक समय के लिए होगा।