By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 05, 2022
वाराणसी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों को ‘सत्ता समर्थक’ चुनाव करार दिया। उन्होंने कहा कि लोग खुद मौजूदा सरकार को सत्ता में बनाए रखने के लिए लड़ रहे हैं। वाराणसी के खजूरी में आयोजित एक जनसभा में मोदी ने दावा किया कि पूरा उत्तर प्रदेश एकजुट होकर कह रहा है कि यूपी में आएगी तो भाजपा ही, आएंगे तो योगी ही। प्रधानमंत्री ने कहा, “इस चुनाव में यह मेरी आखिरी जनसभा है। उत्तर प्रदेश ने शायद दशकों में ऐसा चुनाव नहीं देखा होगा, जिसमें कोई सरकार अपने काम, ईमानदार छवि, भेदभाव और पक्षपात रहित विकास तथा बेहतर कानून व्यवस्था के दम पर जनता जर्नादन का आर्शीवाद मांग रही है। मोदी ने कहा, यह चुनाव ‘सत्ता समर्थक’ चुनाव है। कैराना से लेकर काशी तक, बांदा से लेकर बहराइच तक, हर नागरिक ‘डबल इंजन’ की सरकार के लिए ही हुंकार भर रहा है। पूरा उत्तर प्रदेश एकजुट होकर कह रहा है कि आएगी तो भाजपा ही, आएंगे तो योगी ही।