कांग्रेस ने छोटा राज्य होने के कारण हिमाचल प्रदेश की अनदेखी की, झूठे वादे किए : मोदी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 06, 2022

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उस पर छोटा राज्य होने के कारण हिमाचल प्रदेश को राजनीतिक रूप से महत्व नहीं देने का आरोप लगाया, क्योंकि यहां से लोकसभा के लिए चार सांसद निर्वाचित होते हैं। साथ ही, उन्होंने सत्ता में रहने के दौरान कांग्रेस पर रक्षा सौदों में भ्रष्टाचार में लिप्त होकर कई लोगों की जान से खेलने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि 12 नवंबर को डाला गया प्रत्येक वोट अगले 25 वर्षों के लिए हिमाचल प्रदेश की विकास यात्रा को परिभाषित करेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘अगर आप सरकार से जवाबदेही और जवाब मांगना चाहते हैं, तो आपको इसे फिर से मौका देना चाहिए। हम एक साथ हिमाचल को आगे ले जाएंगे, नया रिवाज शुरू करेंगे, और भाजपा को सत्ता में वापस लाएंगे।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि झूठे वादे करना और झूठी गारंटी देना कांग्रेस का पुराना हथकंडा रहा है। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म करने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का संदर्भ देते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने कभी अपना घोषणा पत्र भी नहीं खोला, जबकि भाजपा जो कहती है उसे पूरा करने को लेकर दिन-रात मेहनत करने के लिए जानी जाती है।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘क्या हमने 370 को खत्म करने का वादा पूरा नहीं किया? हमने राम मंदिर का वादा किया था। आज राम मंदिर बन रहा है।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि आजादी के बाद कांग्रेस ने रक्षा क्षेत्र में देश का पहला घोटाला किया। मोदी ने मंडी जिले के सुंदरनगर में चुनावी रैली में आरोप लगाया कि अपने शासन के दौरान कांग्रेस हमेशा रक्षा सौदों में कमीशन लेती थी और उसने हजारों करोड़ रुपये के घोटाले किए। मंडी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृह जिला है। ठाकुर ने भी सभा को भी संबोधित किया।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस कभी नहीं चाहती कि देश रक्षा सामग्री में आत्मनिर्भर बने...वह हमेशा हर रक्षा सौदे में ‘कमीशन’ चाहती थी। वह अपने नेताओं के खजाने को भरना चाहती थी। इस वजह से, हथियारों की खरीद में हमेशा देरी होती थी।’’ उन्होंने सैनिकों के परिजनों का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘सबसे ज्यादा दुख किसने झेला? हिमाचल प्रदेश की बहादुर मां ने अपने बेटे को सीमा पर भेजा, सबसे ज्यादा नुकसान उन बहनों का हुआ, जिन्होंने अपने भाइयों को खो दिया।’’

मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हथियारों के सौदे में कमीशन लेकर कई लोगों की जान से खिलवाड़ किया। उन्होंने कहा, ‘‘केवल तीन से चार लोकसभा सांसदों के साथ छोटा राज्य होने के नाते कांग्रेस ने इसे राजनीतिक रूप से महत्व नहीं दिया। अपनी सोच के कारण कांग्रेस ने कभी भी हिमाचल के विकास को प्राथमिकता नहीं दी और राज्य पिछड़ गया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस बार हिमाचल चुनाव खास है क्योंकि 12 नवंबर को डाला गया प्रत्येक वोट सिर्फ आने वाले पांच साल के लिए नहीं है, बल्कि यह अगले 25 वर्षों के लिए राज्य की विकास यात्रा को परिभाषित करेगा।’’

उन्होंने कांग्रेस पर 2012 के चुनावी घोषणा पत्र में किए एक भी वादे को पूरा नहीं करने और ‘वन रैंक वन पेंशन’ योजना को लागू नहीं करने का आरोप लगाया। मोदी ने कहा कि 40 साल तक कांग्रेस सेना के जवानों को ‘वन रैंक वन पेंशन’ देने का वादा करती रही। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कई वर्षों तक केंद्र में रहने के बावजूद, कांग्रेस ने इसे कभी लागू नहीं किया। सिर्फ दिखावे के लिए, उसने बजट में सिर्फ 100-200-300 करोड़ रुपये आवंटित किए। लोगों को धोखा देना, झूठे वादे करना, चुनाव जीतना और फिर उसे भूल जाना, यही उनका चरित्र है।’’

मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लिए सरकार बनाना और सरकार में रहना ‘राजपाट’ चलाने जैसा है। अपने संबोधन की शुरुआत में मोदी ने उस समय को याद किया, जब उन्होंने अपने पार्टी संगठन के लिए काम करते हुए कई साल राज्य में गुजारे थे। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कुछ हफ्ते पहले भारत ने आजादी के 75 साल पूरे किए। जब भारत अपनी आजादी के 100 साल पूरे करेगा, उसी समय के आसपास हिमाचल प्रदेश भी अपने गठन के 100 साल पूरे करेगा। इसलिए, अगले 25 साल बहुत महत्वपूर्ण होने जा रहे हैं।’’

हिमाचल प्रदेश के लिए तेजी से प्रगति और स्थिर सरकार को जरूरी बताते हुए मोदी ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि हिमाचल के लोग, यहां के युवा, मां और बहनें इसे अच्छी तरह से समझते हैं।’’ मोदी ने दावा किया कि लोग जानते हैं कि भाजपा स्थिरता के लिए खड़ी है और उसने ‘‘सेवा भाव’, ‘‘सम-भाव’’ रखते हुए विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

उन्होंने कहा कि इसलिए हिमाचल प्रदेश के लोगों ने भाजपा को सत्ता में वापस लाने का फैसला किया है। इससे पहले, मोदी ने अपने संबोधन में भारत के प्रथम मतदाता श्याम सरन नेगी के निधन पर शोक जताया। नेगी का हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में उनके आवास पर शनिवार सुबह निधन हो गया। वह 106 वर्ष के थे। नेगी ने दो नवंबर को राज्य विधानसभा चुनाव के लिए डाक मतपत्र के जरिये वोट डाला था।

प्रमुख खबरें

Ronaldo के Retirement पर बहन Katia का बड़ा खुलासा, बोलीं- यह उनका आखिरी World Cup है

Argentina का करो या मरो मुकाबला, Cape Verde से भिड़ंत से पहले कोच Scaloni ने टीम को किया सावधान

NMC Health डील का असर, Bank of Baroda का शेयर 4% टूटा, निवेशकों की बढ़ी टेंशन

Fuel Price में राहत के लिए करना होगा इंतजार, मंत्री Hardeep Puri बोले- 2-3 महीने बाद फैसला