कैबिनेट के फैसले पर मोदी बोले- आत्मनिर्भर भारत के प्रयासों को मिलेगा बढ़ावा, इंटरनेट कनेक्टिविटी में होगा सुधार
By अंकित सिंह | Apr 27, 2022
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई। इस बैठक में कई बड़े और ऐतिहासिक फैसले लिए गए। इन्हीं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ट्वीट आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा कि पीएम स्वनिधि पर कैबिनेट का फैसला अनगिनत लोगों के जीवन में समृद्धि और सम्मान सुनिश्चित करेगा। इसके साथ ही मोदी ने लिखा कि आज के कैबिनेट के फैसले से वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्रों में कनेक्टिविटी में सुधार होगा और उचित इंटरनेट पहुंच सुनिश्चित होगी। यह एक आत्मानिर्भर भारत के निर्माण के हमारे प्रयासों को बढ़ाएगा। वहीं कैबिनेट के फैसले पर गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में आज केंद्रीय कैबिनेट ने स्ट्रीट वेंडर्स और उनके परिवारों के समग्र सामाजिक व आर्थिक उत्थान के संकल्प की दिशा में 'पीएम स्वनिधि' योजना को दिसंबर 2024 तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। इसके लिए मोदी जी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में DAP व कच्चे माल के दाम बढ़ने के बावजूद किसान हित व कृषि की समृद्धि को समर्पित नरेंद्र मोदी जी द्वारा P&K उर्वरकों की दरों पर प्रति बैग 50% से अधिक सब्सिडी बढ़ाने हेतु कुल ₹60,939 करोड़ की सब्सिडी देने के संवेदनशील निर्णय पर मोदी जी को धन्यवाद देता हूँ।