प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बोले, लता दीदी जैसी आत्माएं सदियों में कभी-कभार वरदान की तरह मिलती हैं

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 06, 2022

लखनऊ/नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुर कोकिला भारत रत्न गायिका लता मंगेशकर के निधन पर रविवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि लता जैसी आत्माएं मानवता को सदियों में कभी—कभार वरदान की तरह मिलती हैं और उनका निधन एक अपूरणीय क्षति है। मोदी ने मथुरा, बुलंदशहर और आगरा के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जन चौपाल के दौरान अपने वर्चुअल सम्बोधन की शुरुआत लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा लता दीदी आज ब्रह्मलोक की यात्रा पर चली गई हैं। उनके व्यक्तित्व का विस्तार सिर्फ गानों की संख्या पर सीमित नहीं था। मेरे जैसे अनेक लोग हैं जो गर्व से कहेंगे कि लता दीदी के साथ उनका निकट संबंध था।

इसे भी पढ़ें: बागपत में विपक्षियों पर बरसे अमित शाह, बोले- 5 साल में UP की अर्थव्यवस्था को बनाएंगे नंबर वन

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली में कहा, लता दीदी ने अपने गीतों के जरिए विभिन्न भावनाओं को व्यक्त किया। उन्होंने दशकों से भारतीय फिल्म जगत में आए बदलावों को नजदीक से देखा। फिल्मों से परे, वह भारत के विकास के लिए हमेशा उत्साही रहीं। वह हमेशा एक मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थीं। मोदी ने कहा, ‘‘मैं अपना दुख शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकता। दयालु और सबकी परवाह करने वाली लता दीदी हमें छोड़कर चली गईं। उनके निधन से देश में एक खालीपन पैदा हुआ है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकता। भावी पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति की पुरोधा के रूप में याद रखेंगी, जिनकी सुरीली आवाज में लोगों को मोहित करने की अद्वितीय क्षमता थी।’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यह मेरे लिए सम्मान की बात है कि मुझे लता दीदी से हमेशा बहुत स्नेह मिला। मैं उनके साथ की गई बातों को हमेशा याद रखूंगा। मैं और देशवासी लता दीदी के निधन पर शोक व्यक्त करते हैं। मैंने उनके परिवार से बात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। ओम शांति।’’ स्वर सम्राज्ञी के रूप से जानी जाने वाली लता मंगेशकर ने पांच साल की उम्र से गायन का प्रशिक्षण लेना शुरू किया था। उन्होंने 1942 में एक गायिका के रूप में अपना करियर शुरू किया था और सात दशकों से अधिक समय तक हिंदी, मराठी, तमिल, कन्नड़ और बंगाली समेत 36 भारतीय भाषाओं में लगभग 25,000 गीत गाए।

उन्होंने ‘लग जा गले’, ‘मोहे पनघट पे’, ‘चलते चलते’, ‘सत्यम शिवम सुंदरम’, ‘अजीब दास्तां है’, ‘होठों में ऐसी बात’, ‘प्यार किया तो डरना क्या’, ‘नीला आसमां सो गया’ और ‘पानी पानी रे’ जैसे कई गीतों को अपनी सुरीली आवाज देकर यादगार बना दिया। भारतीय सिनेमा के सबसे महान पार्श्व गायकों में से एक मानी जाने वाली लता मंगेशकर को कई फिल्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उन्हें पद्म भूषण, पद्म विभूषण, दादा साहेब फाल्के पुरस्कार और कई बार भारतीय फिल्म पुरस्कारों से नवाजा गया। उन्हें वर्ष 2001 में देश का सबसे बड़ा नागरिक सम्मान भारत रत्न दिया गया था।

प्रमुख खबरें

Strait of Hormuz में GFS Galaxy शिप पर अटैक, 10 भारतीय सुरक्षित, 1 लापता, MEA ने जारी किया बयान

Jaisalmer में 3 जंग लड़ने वाले 92 साल के War Veteran से धोखा, Land Mafia ने हड़पी जमीन

Delhi Police की बड़ी कामयाबी, Lawrence Bishnoi गैंग के 3 Shooters गिरफ्तार, राजधानी दहलाने की थी साजिश

T20 में Team India की हार पर मांजरेकर ने उठाए सवाल, कहा- IPL देखकर खिलाड़ियों का चयन मत करो