UP Election 2022 । मोदी बोले- यूपी ने मौसमी नेताओं को देखा, महामारी में थे गायब, चुनाव में घर से बाहर आए
By अंकित सिंह | Feb 23, 2022
एक ओर जहां उत्तर प्रदेश में चौथे चरण का मतदान हो रहा है तो वहीं दूसरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ताबड़तोड़ चुनावी प्रचार कर रहे हैं। बाराबंकी के बाद वह कौशांबी पहुंचे थे जहां उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में आपने कुछ मौसमी नेताओं को देखा होगा। कोरोना आया तो गायब हो गए, कोरोना कंट्रोल हुआ तो फिर आ गए। चुनाव आया तो आ गए, चुनाव खत्म तो विदेश चलो। जब लोग महामारी में परेशान थे तो वह गायब थे। चुनाव आया तो घर से बाहर निकल आए। उन्होंने कहा कि ये लोग उत्तर प्रदेश की जनता को वैक्सीन लगवाने के ख़िलाफ़ भड़काते रहे और जब अपनी बारी आई तो चुपचाप वैक्सीन लगवा ली। ऐसे मौसमी नेताओं को उत्तर प्रदेश की जनता पूरी तरह पहचानती है।
मोदी ने कहा कि पहले की सरकारों में राशन की दुकानों से गरीब के लिए भेजा गया अनाज, राशन माफिया के पास पहुंच जाता था। दुकान के सामने कब राशन बांटने की तारीख लिखी गई, कब राशन खत्म हो गया, ये गरीब को पता ही नहीं चलता था। उन्होंने आरोप लगायासकि घोर परिवारवादियों के ये दलाल, गरीब का राशन भी लूट लेते थे। यहां तक की उनके मंत्री, सांसद, विधायक तक इस खेल में शामिल रहते थे। भाजपा सरकार ने घोर परिवारवादियों के इन सारे खेलों का भी the end कर दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीब तक राशन पहुंचाने के लिए हमने टेक्नोलॉजी का भरपूर इस्तेमाल किया। हमने बायो मैट्रिक तकनीक के जरिये ये सुनिश्चित किया कि राशन उसी को मिले जो उसका हकदार है।