मोदी ने जनता का आशीर्वाद मांगा, कांग्रेस ने कहा- वोटर्स NDA को कर देंगे सत्ता से बाहर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 11, 2019

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनावों के लिए रविवार को जनता से राजग को फिर से ‘‘आशीर्वाद’’ देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने वे चीजें मुमकिन कर दी, जो पहले नामुमकिन थी। वहीं विपक्षी दलों ने मतदाताओं से राजग (एनडीए) सरकार को उखाड़ फेंकने की अपील की, जिसने ऐतिहासिक जनादेश को बर्बाद कर दिया और जो सिर्फ बातें करती है काम नहीं करती। चुनाव आयोग द्वारा 11 अप्रैल से सात चरणों में आम चुनावों की घोषणा करने के साथ ही राजनीतिक दलों ने इसका स्वागत किया।

इसे भी पढ़ें: लोकसभा के साथ J&K में नहीं होंगे विधानसभा चुनाव, CEO ने कहा- संभव नहीं

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस नेता के सी वेणुगोपाल ने कहा कि लोग मोदी सरकार को बदल देंगे जो केवल बातें करती है काम नहीं करती। उन्होंने कहा कि इसके सारे वादे अधूरे रह गए और 23 मई को मतों की गिनती होगी तो यह सरकार हार जाएगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने दावा किया कि आगामी चुनाव नये युग की शुरूआत होंगे और इससे पांच वर्षों की अराजक, निरंकुश और विध्वंसकारी सरकार का खात्मा होगा और देश गंभीरता, सच्चाई और समग्रता की तरफ लौटेगा।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने सरकार को गरीब विरोधी और पूंजीवाद समर्थक करार दिया जिसने शांति को बाधित किया और लोगों के बीच अशांति एवं क्षुब्धता को बढ़ावा दिया। मोदी ने ट्वीट करके कहा कि पिछले पांच वर्षों में दिखा कि पहले जो असंभव था अब संभव हो गया है। उन्होंने कहा कि 2019 के चुनाव विश्वास की भावना और सकारात्मकता का चुनाव है जिसके साथ भारत अपने लोगों की आकांक्षाओं को पूरा कर रहा है।

इसे भी पढ़ें: लोकसभा चुनावों के साथ होंगे तमिलनाडु की 18 विधानसभा सीटों पर उप-चुनाव

पीएम ने कहा कि 2014 में लोगों ने संप्रग सरकार को पूरी तरह खारिज कर दिया था क्योंकि भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और नीति पंगुता के कारण लोगों में भारी गुस्सा था। उन्होंने कहा कि भारत का आत्मविश्वास काफी नीचे चला गया था और लोग चाहते थे कि देश को इस तरह के पतन और निराशावाद से छुटकारा मिले। उन्होंने कहा, ‘सबका साथ, सबका विकास से प्रेरित होकर राजग को एक बार फिर आपके आशीर्वाद की जरूरत है। हम पिछले पांच वर्षों में मूलभूत जरूरतों को पूरा किया जो पिछले 70 वर्षों से अधूरे थे। अब समय आ गया है कि इसको और मजबूत करें और मजबूत, समृद्ध तथा सुरक्षित भारत का निर्माण करें।’

माकपा के महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा कि चुनावों की घोषणा से मोदी सरकार द्वारा आधिकारिक संसाधनों के अनुचित प्रयोग से छुटकारा मिलेगा क्योंकि चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। भाजपा के सहयोगी और लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष रामविलास पासवान ने विश्वास जताया कि राजग को 543 में से 350 सीटों पर जीत हासिल होगी। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राजग के हार का अनुमान जताते हुए कहा कि चुनावों की घोषणा लोगों और देश के हित में बड़ा बदलाव है।

इसे भी पढ़ें: भारत में बजा चुनावी नगाड़ा, सात चरणों में होंगे मतदान, 23 मई को आएंगे नतीजे

शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, ‘हम उम्मीद करते हैं कि नतीजे राजग के पक्ष में होंगे...महाराष्ट्र में हमारे गठबंधन के बाद एनडीए मजबूत हुआ है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह अन्य राज्यों में गठबंधन कर रहे हैं और इसका स्वागत किया जाना चाहिए।’ राउत ने कहा कि मोदी राजग का नेतृत्व करेंगे। हमारा यह भी मानना है कि विपक्ष मजबूत होना चाहिए और उसे इसी हिसाब से काम करना चाहिए।

प्रमुख खबरें

Stuart Fails to Save the Universe | Official Trailer | जानें कब और कहाँ होगा रिलीज़

Sai Sudharsan का श्रीलंका A के खिलाफ शानदार शतक, Test Team में No. 3 के लिए ठोका मजबूत दावा

Ayurveda Tips: 25 की उम्र के बाद क्यों गायब हो रहा Face का ग्लो? ये 5 आदतें हैं जिम्मेदार

Mirzapur The Movie Teaser Out | कालीन भैया, गुड्डू पंडित और मुन्ना भैया की बड़े पर्दे पर वापसी, इस दिन होगी रिलीज़