By नीरज कुमार दुबे | Dec 12, 2023
भजन लाल शर्मा राजस्थान के नये मुख्यमंत्री होंगे। यह वाकई अपने आप में बड़ी खबर है लेकिन इससे भी बड़ी खबर यह है कि भाजपा नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के किसी दबाव में नहीं आया और प्रदेश की कमान पहली बार विधायक बने भजन लाल शर्मा को सौंप दी। यही नहीं, जिन दीया कुमारी का वसुंधरा राजे विरोध करती थीं उन्हें राज्य का नया उपमुख्यमंत्री बनाया जायेगा। खास बात यह रही कि विधायक दल की बैठक में भजन लाल शर्मा के नाम का प्रस्ताव उन वसुंधरा राजे से करवाया गया जोकि चुनाव परिणाम आने के बाद से लगातार जयपुर के सिविल लाइन्स स्थित अपने घर पर विधायकों के साथ बैठक कर पार्टी नेतृत्व के समक्ष शक्ति प्रदर्शन कर रही थीं। यही नहीं, जब भजन लाल शर्मा राजभवन जाकर राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर रहे थे तब भी वसुंधरा राजे वहां उपस्थित थीं।
वैसे मोदी-शाह की जोड़ी ने सिर्फ अपनी पार्टी में परिवर्तन नहीं किया है बल्कि परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए कांग्रेस को भी प्रेरित कर दिया है। कांग्रेस तमाम प्रयासों के बावजूद अशोक गहलोत से मुख्यमंत्री का पद नहीं छीन पाई थी और अब भी गहलोत जिस तरह से पार्टी में प्रभावी हैं उसके चलते कांग्रेस में सचिन पायलट का भविष्य अधर में ही है। संभव है भाजपा से सीख लेते हुए कांग्रेस भी अशोक गहलोत की बजाय पायलट या किसी अन्य को कमान सौंपे। कांग्रेस यदि अशोक गहलोत को किनारे लगाती है तो राजस्थान की राजनीति से गहलोत-वसुंधरा युग खत्म हो जायेगा।
बहरहाल, जहां तक राजस्थान में भाजपा की ओर से गठित नई टीम की बात है तो यह स्पष्ट है कि जातिगत समीकरणों को ध्यान में रखते हुए सारे फैसले किये गये हैं। तीन राज्यों में सरकार बनाने वाली भाजपा ने एक प्रदेश में आदिवासी, दूसरे में ओबीसी और तीसरे में सवर्ण को सत्ता की कमान सौंपी है। साथ ही यदि सिर्फ राजस्थान की ही बात करें तो मुख्यमंत्री पद सवर्ण को, उपमुख्यमंत्री पद पर एक राजपूत महिला और एक दलित तथा विधानसभा अध्यक्ष पद सिंधी समुदाय को देकर भाजपा ने राजस्थान में सर्व समाज को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है।
-नीरज कुमार दुबे