मोदी जब भी कुछ अच्छा कहते हैं या सही चीज करते हैं तो उनकी तारीफ करनी चाहिए: थरूर

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 23, 2019

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘हमेशा खलनायक की तरह पेश करने से कुछ हासिल नहीं होने’ संबंधी कांग्रेस नेता जयराम रमेश के बयान के समर्थन में शुक्रवार को पार्टी के कई वरिष्ठ नेता सामने आए और कहा कि व्यक्ति की नहीं, बल्कि सरकार की नीतियों एवं गलतियों की आलोचना होनी चाहिए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने रमेश का समर्थन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को खलनायक की तरह पेश करना गलत है और ऐसा करके विपक्ष एक तरह से उनकी मदद करता है। सिंघवी ने रमेश के बयान का हवाला देते हुए ट्वीट किया, मैंने हमेशा कहा है कि मोदी को खलनायक की तरह पेश करना गलत है। सिर्फ इसलिए नहीं कि वह देश के प्रधानमंत्री हैं, बल्कि ऐसा करके एक तरह से विपक्ष उनकी मदद करता है। उन्होंने कहा, काम हमेशा अच्छा, बुरा या मामूली होता है। काम का मूल्यांकन व्यक्ति के आधार पर नहीं, बल्कि मुद्दों के आधार पर होना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: जयराम रमेश के बाद सिंघवी ने भी कहा, मोदी को खलनायक की तरह पेश करना गलत

जैसे उज्ज्वला योजना कुछ अच्छे कामों में से एक है। कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर ने कुछ लोगों के ट्वीट का जवाब देते हुए रमेश के विचार का समर्थन किया। उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि आप जानते हैं, मैं छह साल से यह दलील देते आ रहा हूं कि मोदी जब भी कुछ अच्छा कहते हैं या सही चीज करते हैं तो उनकी तारीफ करनी चाहिए। ऐसा करने के बाद जब हम उनकी गलतियों की आलोचना करेंगे तो हमारी बात की विश्वसनीयता बढ़ेगी। मैं विपक्ष के उन लोगों का स्वागत करता हूं जो मेरे विचार से मिलती-जुलती बात कर रहे हैं।’’ पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की बेटी और कांग्रेस नेता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सिंघवी के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कहा, ‘‘ बिल्कुल सही है सर। राष्ट्र निर्माण निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है जिसे सभी सरकारों ने आगे बढ़ाया है। आशा करती हूं कि मोदी जी और उनकी टीम को भी इसका अहसास है।

इसे भी पढ़ें: CBI कोर्ट में सिब्बल और सिंघवी की दलीलें सुन मुरीद हुए कार्ति, कही यह बड़ी बात

पंडित नेहरू को गलत ढंग से पेश करने की बजाय उन्हें उनके और कांग्रेस के असीम योगदान को स्वीकार करना चाहिए तथा इसे आगे बढ़ाना चाहिए। नीतियों पर आलोचना होनी चाहिए, व्यक्तियों की आलोचना नहीं होना चाहिए।’’ दरअसल, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बुधवार को कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन का मॉडल पूरी तरह नकारात्मक गाथा नहीं है और उनके काम के महत्व को स्वीकार नहीं करके और हर समय उन्हें खलनायक की तरह पेश करके कुछ हासिल नहीं होने वाला है। रमेश ने एक पुस्तक के विमोचन के मौके पर कहा कि यह वक्त है, जब हम मोदी के काम और 2014 से 2019 के बीच उन्होंने जो किया उसके महत्व को समझे, जिसके कारण वह सत्ता में लौटे। इसी की वजह से 30 प्रतिशत मतदाताओं ने उनकी सत्ता में वापसी करवाई। 

प्रमुख खबरें

अपने देश में होने वाले ओलंपिक में ही शामिल नहीं हो पाएंगे ट्रंप? बड़ा कदम उठाने की तैयारी में WADA

PM Modi की Diplomacy का असर, Scindia बोले- Hormuz खुला, भारत में तेल-गैस की किल्लत नहीं होगी

Horoscope 15 March 2026 Aaj Ka Rashifal: सभी 12 राशियों का कैसा रहेगा आज का दिन, पढ़ें आज का राशिफल

Papmochani Ekadashi 2026: पापमोचनी एकादशी पर दान से होती हैं सभी इच्छाएं पूरी