By अंकित सिंह | May 13, 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसने भारत में एक और आतंकी हमला होने दिया तो उसे धूल चटा दी जाएगी। पंजाब के आदमपुर एयरबेस पर वायुसेना कर्मियों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि भारत हमेशा शांति के साथ रहा है, लेकिन अगर उस पर हमला हुआ तो वह दुश्मन को धूल चटाने के लिए हमेशा तैयार है। मोदी ने कहा कि आतंक के आकाओं को समझ आ गया है कि भारत की ओर नजर उठाने का एक ही अंजाम होगा- तबाही और महाविनाश।''
मोदी मंगलवार सुबह पंजाब के आदमपुर वायुसैनिक अड्डे पर गए और वायु सेना कर्मियों से बातचीत की, जो पाकिस्तान के साथ हाल की लड़ाई में अहम भूमिका में रहे हैं। मोदी ने आगे कहा कि "भारत माता की जय" सिर्फ एक नारा नहीं है, बल्कि देश के सैनिकों द्वारा राष्ट्र के लिए अपना जीवन समर्पित करने की प्रतिज्ञा है और ऑपरेशन सिंदूर के बाद उनकी वीरता की कहानियाँ इतिहास में हमेशा के लिए अंकित हो गई हैं। पंजाब के आदमपुर एयर बेस पर वायुसेना कर्मियों को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि जब "हमारे सशस्त्र बल परमाणु ब्लैकमेल की हवा निकाल देते हैं, तो हमारे दुश्मन 'भारत माता की जय' के महत्व को समझते हैं।"