मोदी 12 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में विश्व डेयरी सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 09, 2022

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को ग्रेटर नोएडा में ‘आईडीएफ विश्व डेयरी सम्मेलन-2022’ का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में 50 देशों के 1,500 से अधिक प्रतिनिधी भाग लेंगे। केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने बृहस्पतिवार को यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। यह कार्यक्रम 12 सितंबर से शुरू होगा और चार दिन तक चलेगा। कार्यक्रम का विषय ‘पोषण और आजीविका के लिए डेयरी’ रखा गया है।

डेयरी शिखर सम्मेलन में वैश्विक और भारतीय डेयरी उद्योग के विशेषज्ञों, किसान और नीति योजनाकारों जुटेंगे। रूपाला ने कहा, ‘‘दूध उत्पादन में भारत दुनिया में पहले स्थान पर है और दूध के वैश्विक उत्पादन में देश का हिस्सा 23 प्रतिशत है। विदेशी प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे और डेयरी क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों के बारे में चर्चा करेंगे। हम उन्हें अपने अनुभव के बारे में बताएंगे।’’ इसके अलावा राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) के अध्यक्ष मीनेश शाह ने कहा कि कार्यक्रम में 300 विदेशी प्रतिनिधि और 1,200 भारतीय प्रतिनिधि शामिल होंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘इसमें 700 से 800 किसान भी भाग लेंगे, जिसमें से ज्यादातर भारतीय होंगे।’’ उल्लेखनीय है कि देश में लगभग आठ करोड़ डेयरी किसान हैं और इनमें से ज्यादातर छोटे और सीमांत (औसतन दो गोवंश वाले) हैं। देश में दूध का वार्षिक घरेलू उत्पादन 22 करोड़ टन होने का अनुमान है।

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने 2021 के मर्डर केस में भगोड़ा हरीश उर्फ पिलुआ पकड़ा

न्यूयॉर्क में ICE अधिकारियों की कार्रवाई, कार से टक्कर मारने वाले व्यक्ति पर चलाई गोली

Lilavati Hospital Trust वित्तीय धोखाधड़ी मामला: Mumbai Sessions Court ने FIR के आदेश को सही ठहराया

Ranchi T20: Shai Hope के नाबाद शतक से जीता West Indies, सीरीज 1-1 से बराबर