By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 10, 2026
मोहम्मद शमी ने मार्च 2025 के बाद से भारत के लिए कोई मैच नहीं खेला है, लेकिन इस अनुभवी तेज गेंदबाज ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनके अंदर प्रेरणा की कोई कमी नहीं आई है और उनकी नजरें अब भी करियर में ‘अगले स्तर’ को हासिल करने पर लगी हुई हैं। शमी ने आखिरी टेस्ट मैच 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में खेला था। उन्होंने दलीप ट्रॉफी के फाइनल के बाद कहा, ‘‘अगर आप प्रेरणा के कारण तलाशें, तो प्रेरित रहने के बहुत सारे कारण हैं।
शमी (36 साल) ने खिताबी मुकाबले में रविचंद्रन स्मरण और शेख रशीद के महत्वपूर्ण विकेट लेकर दक्षिण क्षेत्र के मध्यक्रम को झकझोर दिया। शमी इस बात से बेहद खुश थे कि उनके 100वें प्रथम श्रेणी मैच में ही पूर्वी क्षेत्र ने खिताबी जीत दर्ज की। उन्होंने कहा, ‘‘जहां तक संतुष्टि की बात है, अपने 100वें मैच में यह उपलब्धि हासिल करना और वो भी दलीप ट्रॉफी के फाइनल में जीत के साथ, मेरे लिए बेहद खास है।
पूर्वी क्षेत्रने बहुत लंबे समय बाद यह खिताब जीता है। ’’ शमी ने कहा, ‘‘इस अभियान को यहां तक पहुंचाने के लिए हर एक खिलाड़ी ने अपना पूरा जोर लगा दिया। इन परिस्थितियों और इतनी गर्मी में यह उपलब्धि हासिल करना शानदार है।
जहां तक मेरी बात है, चाहे यह आपका पहला मैच हो या 100वां, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता, मेरी मेहनत और नजरिया एक समान ही रहता है। ’’ शमी निश्चित रूप से अपने करियर के आखिरी दौर में हैं। हालांकि, पिछले कुछ महीनों में भारतीय तेज गेंदबाजों के संघर्ष को देखते हुए प्रशंसक शमी की धारदार गेंदबाजी को एक बार फिर याद कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इतना प्यार और समर्थन पाकर बहुत अच्छा लगता है। मैं दिल की गहराइयों से उन सभी लोगों का आभारी हूं, जिन्होंने अब तक मेरा साथ दिया है। मेरा काम सिर्फ कड़ी मेहनत करना है, बाकी सब ऊपरवाले के हाथ में है।