मोहम्मद शमी का खुलासा, तीन बार आत्महत्या करने की सोची थी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 03, 2020

नयी दिल्ली। भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने खुलासा किया है कि कुछ साल पहले व्यक्तिगत परेशानियों के कारण उनके मन में तीन बार आत्महत्या करने का विचार आया था जिसकी वजह से उनके परिवार को उन पर लगातार नजर रखनी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि उनके परिजनों को डर था कि वह अपने अपार्टमेंट के 24वें माले से छलांग लगा सकते हैं। पिछले कुछ वर्षों में भारत के प्रमुख गेंदबाजों में से एक रहे शमी ने अपने साथी और भारत की सीमित ओवरों की टीम के उप कप्तान रोहित शर्मा के साथ इंस्टाग्राम पर बातचीत में अपनी निजी और पेशेवर जिंदगी पर बात की। शमी ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उस समय अगर मेरे परिवार ने मेरा साथ नहीं दिया होता तो मैं अपनी क्रिकेट खो देता। मैं बहुत तनाव में था और निजी परेशानियों से जूझ रहा था और उस दौरान मैंने तीन बार आत्महत्या करने के बारे में सोचा था।’’ अब भारतीय तेज गेंदबाजों में अहम स्थान रखने वाले शमी ने कहा कि उस समय वह अपनी क्रिकेट पर ध्यान नहीं दे पा रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं तब अपनी क्रिकेट के बारे में नहीं सोच रहा था। मेरे कमरे में मेरे घरवाले पहरा लगा देते थे। मुझे पता ही नहीं था कि मै कब सो रहा हूं और कब जाग रहा हूं। हम 24वें माले पर रहते थे और घरवालों को लगता था कि मैं कहीं बालकनी से छलांग न लगा दूं। मेरे भाई ने मेरी तब बहुत मदद की। ’’ शमी ने कहा, ‘‘मेरे दो तीन दोस्त हर समय मेरे साथ रहते थे। मेरे माता पिता मुझे क्रिकेट पर ध्यान देने और उस दौर को भूलने के लिये कहते थे। वह मुझसे किसी भी चीज के बारे में नहीं सोचने के लिये कहते थे। इसके बाद मैंने अभ्यास शुरू किया और देहरादून में एक अकादमी में काफी पसीना बहाया। ’’ शमी पर मार्च 2018 में उनकी पत्नी हसीन जहां ने घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था और पुलिस में शिकायत दर्ज करायी थी। इसके बाद इस भारतीय क्रिकेटर और उनके भाई के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

इसे भी पढ़ें: 51 साल का हुआ क्रिकेट का सबसे दबंग बल्लेबाज, सचिन से लेकर धवन ने दी शुभकामनाएं

प्रमुख खबरें

Fort Hood हमले के दोषी Nidal Hasan के मृत्युदंड को Donald Trump ने दी मंजूरी

Rahul Gandhi के फॉर्म 6 वाले आरोप का Election Commission ने किया खंडन, दावे को बताया गुमराह करने वाला

Saudi Arabia में त्वरित सैन्य तैनाती को Pakistan और तुर्किये ने दी मंजूरी

ECI मामले पर Congress का केंद्र पर वार, Jairam Ramesh ने सुरक्षा घेराबंदी पर उठाए सवाल