U19 Asia Cup Final: मोहित उल्वा के दम पर भारत ने पाकिस्तान को रोमांचक मैच में 1 विकेट से हराया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 14, 2026

पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत को एक विकेट से यादगार जीत दिलाने के बाद मोहित उल्वा ने कहा कि उन्हें खुद पर पूरा भरोसा था कि वह मुश्किल लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने में टीम की मदद करेंगे। जब 10वें नंबर के बल्लेबाज मोहित आठवें नंबर के बल्लेबाज मनल चौहान का साथ निभाने क्रीज पर उतरे तब 338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत का स्कोर आठ विकेट पर 252 रन था। इसके बाद दोनों बल्लेबाजों ने नौवें विकेट के लिए 57 रन की अहम साझेदारी कर भारत को लक्ष्य के करीब पहुंचाया।

हालांकि इसके बाद मनल आउट हो गए। मोहित ने हार नहीं मानी और सी. वेंकट के साथ आखिरी विकेट के लिए 30 रन जोड़कर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई। वेंकट इस टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला खेल रहे थे।

मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में मोहित ने कहा, ‘‘आखिरी ओवर में मुझे भगवान पर भरोसा था। मैं खुद को एक ऑलराउंडर मानता हूं। यह टूर्नामेंट मेरे लिए अच्छा नहीं रहा था, लेकिन मुझे विश्वास था कि आज मैं अच्छा प्रदर्शन कर पाऊंगा।

’’ मोहित ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई। उस समय टीम को जीत के लिए तीन रन की जरूरत थी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे पता था कि आज मेरा दिन है और मैं अपनी टीम को जीत दिलाकर ही लौटूंगा।

10वां नंबर मेरे लिए हमेशा से बहुत भाग्यशाली रहा है क्योंकि मेरे सारे रन इसी नंबर पर आए हैं। ’’ मोहित को बाद में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने मुश्किल समय में साथ देने के लिए अपने साथी बल्लेबाज मनल का आभार जताया।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे मनल के सहयोग की जरूरत थी और उन्होंने पूरा साथ दिया। हमें अपनी बल्लेबाजी पर भरोसा था कि हम इस लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। पिच बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी थी और हम एक-दूसरे से कह रहे थे कि अगर पाकिस्तान इतना बड़ा स्कोर बना सकता है तो हम भी ऐसा कर सकते हैं।

’’ मनल ने कहा कि वह हर ओवर में कम से कम एक चौका लगाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं फिनिशर की भूमिका के लिए मुझ पर भरोसा करने वाले सहयोगी स्टाफ का धन्यवाद करना चाहता हूं। मुझे वहां जाकर अपने खेल का आनंद लेने के लिए कहा गया था।

’’ उन्होंने कहा, ‘‘मैं लक्ष्य को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर देख रहा था और हर ओवर में एक चौका लगाने की कोशिश कर रहा था क्योंकि मुझे भरोसा था कि मैं अपनी टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचा सकता हूं। आउट होने के बाद मेरी आंखों में आंसू थे। ’’ शीर्ष क्रम में 58 रन की अहम पारी खेलने वाले आर्यवीर सहवाग की कोहनी में चोट लगी थी लेकिन उन्होंने कहा कि टीम की जीत के बाद उनका दर्द कम हो गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब मेरे हाथ में कोई दर्द नहीं है। मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मैंने अभी क्या देखा है। मेरे रोंगटे खड़े हो रहे हैं।

भारत-पाकिस्तान मुकाबले में भावनाएं हमेशा चरम पर होती हैं। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में मैं आउट हो गया था इसलिए आज मैं हर हाल में रन बनाना चाहता था, भले ही मेरे हाथ पर चोट लगी थी। दर्द हो रहा था, लेकिन मुझे पता था कि अगर मैं क्रीज पर टिका रहा तो पाकिस्तान पर दबाव बना रहेगा।

’’ सहवाग को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के संघर्ष और जुझारूपन की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘‘हमें खुद पर भरोसा था कि हम इस लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।

यह मुकाबला उतार-चढ़ाव से भरा रहा। हमें विश्वास था कि हम लक्ष्य तक पहुंच सकते हैं क्योंकि पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी थी। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘मुझे हमेशा अपने निचले क्रम की बल्लेबाजी क्षमता पर भरोसा था।

हमारी टीम में 11 बल्लेबाजों के साथ खेल रहे थे। मैं प्रशंसकों का उनके समर्थन के लिए धन्यवाद करता हूं और उनसे आगे भी इसी तरह हमारा साथ देने की अपील करता हूं।

प्रमुख खबरें

पंजाब के तरनतारन में भीषण सड़क हादसा: तीर्थयात्रियों से भरी दो सरकारी बसों की आमने-सामने टक्कर, 4 की मौत और 18 घायल

मुंबई में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम: यहूदी ठिकानों की रेकी करने के आरोप में नवी मुंबई का युवक गिरफ्तार, ATS ने किया अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का भंडाफोड़

Mekedatu Dam: एमके स्टालिन ने सीएम विजय को पत्र लिख सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की

Pakistan को हराकर U19 Asia Cup जीता Team India, Aryavir Sehwag चुने गए बेस्ट प्लेयर