अगस्त महीना कई लिहाज से है महत्वपूर्ण, खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर

By अजय कुमार | Jul 31, 2020

अगस्त का महीना आमजन के लिए जहां तमाम खुशियां लेकर आएगा, वहीं खुशियां मनाते समय किसी तरह की लापरवाही की तो चुनौतियां भी कम नहीं होंगी। क्योंकि कोरोना महामारी का संकट अभी खत्म नहीं हुआ है। कुछ एजेंसियां भी कह रही हैं कि उत्तर प्रदेश में अभी कोरोना का पीक आना बाकी है और यह पीक टाइम 21 अगस्त के आसपास का होगा। पहली अगस्त को बकरीद है। तीन को रक्षाबंधन, पांच को अयोध्या में भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर भूमि पूजन होना है जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित तमाम नेता भी अयोध्या आएंगे और इसके बाद 11 अगस्त को जन्माष्टमी एवं 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। ऐसे में शासन-प्रशासन एवं पुलिस के सामने भी कम चुनौती नहीं रहेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बकरीद, रक्षाबंधन, पांच अगस्त को अयोध्या में भूमि पूजन, इसके बाद जन्माष्टमी और स्वतंत्रता दिवस को ध्यान में रखते हुए जिलों में विशेष सजगता व सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। योगी ने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से कहा है कि शरारती और अराजक तत्वों पर नजर रखी जाए। कोविड के प्रोटोकाल का पालन करते हुए त्योहार मनाए जाएं। बकरीद और रक्षाबंधन पर कोई सार्वजनिक आयोजन नहीं हो। लोग घरों में रह कर ही त्योहार मनाएं।

अलर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई ने आतंकी हमले की पूरी योजना तैयार की है, इसके तहत लश्कर और जैश के आतंकियों को अफगानिस्तान में भेजकर विशेष ट्रेनिंग कराई गई है। मिली जानकारी के अनुसार, इन आतंकवादियों को तीन से पांच आतंकवादियों के ग्रुप में अलग-अलग भारत भेजा गया है। आईएसआई ने इन आतंकियों को अलग-अलग हमला करने का फरमान सुनाया है ताकि इसे भारत का आंतरिक मामला बताया जा सके। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के कार्यक्रम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से अयोध्या पहुंच रहे हैं। इसके अलावा बीजेपी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, कल्याण सिंह, उमा भारती, विनय कटियार और आरएसएस के कई नेताओं सहित कई धार्मिक शख्सियतों के भी कार्यक्रम में उपस्थित रहने की संभावना है।

इसे भी पढ़ें: राम मंदिर निर्माण के साथ ही हाशिये पर चली जायेगी 'कमंडल' की राजनीति

खुफिया एजेंसियों की रिपोर्ट के अनुसार वीआइपी भी आतंकी संगठनों के निशाने पर बताए गए हैं। खुफिया एजेंसियों की इस रिपोर्ट के बाद अयोध्या, जम्मू और कश्मीर तथा राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विशेष सुरक्षा दल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। खुफिया इनपुट के अनुसार, राम मंदिर के भूमि पूजन कार्यक्रम के अलावा 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह और अनुच्छेद 370 के तहत जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त करने की वर्षगांठ के मौके पर भी आतंकी हमला हो सकता है। जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म होने की वर्षगांठ भी पांच अगस्त को ही है।

-अजय कुमार

प्रमुख खबरें

UP में विकास और Infrastructure प्रोजेक्ट्स समय पर पूरे हों, सीएम Yogi Adityanath के कड़े निर्देश

Delhi Police ने Rahul Gandhi और Priyanka Gandhi पर दर्ज कीं 4 FIR

Elon Musk के अंबानी वाले सवाल पर बोले Rahul Gandhi, दूसरे व्यक्ति से मिलेंगे तो और पता चलेगा

विवाद में उलझा Arunachal Pradesh, Ranji Trophy के पहले मैच से बाहर होने का खतरा