By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 11, 2026
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में बढ़ापुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक कुंवर सुशांत सिंह के सहयोगियों पर तीन लोगों को कथित तौर पर बंधक बनाकर पीटने के संबंध में शिकायत दर्ज कराई गयी है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि ठाकुरद्वारा थाने में तीन लोगों की ओर से शिकायत दी गई और विधायक के सहयोगियों समेत छह नामजद और नौ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गयी।
उन्होंने दावा किया कि तीनों को उल्टा लटकाकर बेल्ट से पीटा गया, बिजली के झटके दिए गए और उनके घावों पर नमक रगड़ा गया। परिजनों के मुताबिक, चोटिल होने के कारण तीनों को उत्तराखंड के काशीपुर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और रामू की हालत गंभीर बताई गई है। विधायक सुशांत सिंह ने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि घरेलू सहायकों से केवल गायब ब्रेसलेट के बारे में पूछताछ की गई थी।
उन्होंने मारपीट के आरोपों से इनकार किया। वहीं, मुरादाबाद से समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद रुचि वीरा ने पीड़ितों को तत्काल न्याय दिलाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विधायक सुशांत सिंह के पिता दिवंगत कुंवर सर्वेश सिंह और दादा रामपाल सिंह भी कई बार विधायक और सांसद रह चुके हैं। इस परिवार का मुरादाबाद और आसपास के जिलों में राजनीतिक प्रभाव रहा है।