लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में दोपहर एक बजे तक 40 फीसदी से ज्यादा मतदान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 13, 2024

नयी दिल्ली। आंध्र प्रदेश में हिंसा की घटनाओं और उत्तर प्रदेश के कुछ गांवों में चुनावों के बहिष्कार की खबरों के बीच लोकसभा चुनावों के चौथे चरण में 10 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों की 96 लोकसभा सीट पर सोमवार को दोपहर एक बजे तक 40 फीसदी से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया। पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कुछ बूथों पर इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में गड़बड़ी की भी खबरें सामने आई हैं। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, दोपहर एक बजे तक 40.32 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ, जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा। 

दोपहर एक बजे तक जम्मू-कश्मीर में सबसे कम 23.57 फीसदी और पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 51.87 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं आंध्र प्रदेश में 40.26फीसदी, बिहार में 34.44 फीसदी, झारखंड में 43.80 फीसदी, मध्य प्रदेश में 48.52 फीसदी, महाराष्ट्र में 30.85 फीसदी, ओडिशा में 39.30 फीसदी, तेलंगाना में 40.38 फीसदी और उत्तर प्रदेश में 39.68 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाला। आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों से हिंसा की खबरें सामने आई, जहां युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) और तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर जमकर आरोप लगाये। 

पुलिस के मुताबिक, युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेता और तेनाली से वि‍धायक ए शिव कुमार ने विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर मतदाताओं से बहस होने के बाद एक मतदाता के साथ कथित रूप से हाथापाई की। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रेलवे कोदुर विधानसभा क्षेत्र के दलवईपल्ली गांव में एक ईवीएम को नष्ट कर दिया गया। उन्होंने बताया कि सत्तारूढ़ पार्टी और तेदेपा के कार्यकर्ताओं की कारें भी क्षतिग्रस्त हईं हैं। वहीं मायडुरुकु विधानसभा क्षेत्र के नक्कालादिन्ने गांव में तेदेपा के एक कार्यकर्ता पर हमला हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

वाईएसआरसीपी ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ता सुरेश रेड्डी को चित्तूर के गुडीपाला मंडल के मंडी कृष्णापुरम गांव में चाकू मारा गया। वाईएसआरसीपी ने एक बयान में कहा कि तेदेपा कार्यकर्ताओं ने वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता नंदीगाम सुरेश के वाहन को कथित तौर पर क्षतिग्रस्त कर दिया। इस बीच तेदेपा विधान पार्षद मोहम्मद अहमद शरीफ ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुकेश कुमार मीणा को पत्र लिखकर पलनाडु जिले के रेंतीचिंतला मंडल के रेंताला गांव में वाईएसआरसीपी कार्यकर्ताओं द्वारा तेदेपा समर्थकों पर कथित रूप से हमले किये जाने की शिकायत की। 

उत्तर प्रदेश में सड़कों और विकास कार्यों के अभाव को लेकर विरोध दर्ज कराते हुए शाहजहांपुर के कुछ गांवों में लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया। पश्चिम बंगाल में ईवीएम में खराबी, कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्रों में प्रवेश करने से रोकने और विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में मतदाताओं को वोट डालने से रोकने या धमकाने का आरोप लगाते हुए शिकायतें दर्ज कराईं। निर्वाचन आयोग ने कहा कि उसे अब तक विभिन्न राजनीतिक दलों से 1,088 शिकायतें प्राप्त हुईं हैं, जिनमें ईवीएम में खराबी और कार्यकर्ताओं को बूथ में प्रवेश करने से रोकने का आरोप लगाया गया है। ओडिशा में भी कई जगहों पर ईवीएम में गड़बड़ी की खबरें आईं। 

इसे भी पढ़ें: प्रभु श्रीराम की इच्छा है कि उनका भक्त फिर बने देश का प्रधानमंत्री : Yogi Adityanath

एक अधिकारी ने बताया कि अब तक 65 बैलेट यूनिट (बीयू), 83 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 110 वीवीपैट को बदला गया है। अधिकतर यूनिट को सुबह सात बजे वास्तविक मतदान से पहले, अभ्यास के दौरान ही बदल दिया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) निकुंज बिहारी धल ने बताया कि आयोग ने ओडिशा में दो मतदान अधिकारियों को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया है। पड़ोसी राज्य झारखंड में माओवादियों ने एक पेड़ गिराकर पश्चिमी सिंहभूम जिले के सुदूर सोनापी और मोरंगपोंगा इलाकों की ओर जाने वाली सड़क को अवरुद्ध कर मतदान केंद्रों तक मतदाताओं की पहुंच को बाधित करने का प्रयास किया, जिसे सुरक्षा बलों ने विफल कर दिया। 

इसे भी पढ़ें: मौसम विभाग ने दक्षिण पश्चिम Madhya Pradesh में तेज हवाओं के साथ बारिश की भविष्यवाणी की

जम्मू-कश्मीर की श्रीनगर लोकसभा सीट पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है, जहां अब्दुल्ला परिवार की तीन पीढ़ियों ने वोट डाला। चौथे चरण की 96 लोकसभा सीट पर कुल 1,717 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस दौर में 8.73 करोड़ महिलाओं सहित 17.70 करोड़ से अधिक पात्र मतदाता 1.92 लाख मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। तेलंगाना की सभी 17 लोकसभा सीट, आंध्र प्रदेश की 25, उत्तर प्रदेश की 13, बिहार की पांच, झारखंड की चार, मध्य प्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की चार, पश्चिम बंगाल की आठ सीट और जम्मू-कश्मीर की एक सीट पर मतदान जारी है। लोकसभा चुनाव के पहले तीन चरणों में मतदान प्रतिशत क्रमशः 66.14 प्रतिशत, 66.71 प्रतिशत और 65.68 प्रतिशत था। देश में अगले तीन चरणों के लिए मतदान 20 मई, 25 मई और एक जून को होगा। मतगणना चार जून को होगी।

प्रमुख खबरें

Shakahola केस में 190 बच्चों की मौत के जिम्मेदार Paul Mackenzie को मिली 200 साल की जेल

UP में Diwali और छठ पर Medical College अलर्ट, 24 घंटे चालू रहेंगी जीवन रक्षक सेवाएं

Chennai Open में Vaishnavi Adkar को मिली हार Maya और Shrivalli Quarter Final में पहुंचीं

न्यूजीलैंड दौरे के लिए Indian Football Team घोषित, बाहर हुए Gurpreet Singh Sandhu