By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 21, 2025
महाकुंभ में बृहस्पतिवार को शाम आठ बजे तक 1.28 करोड़ श्रद्धालुओं के गंगा और संगम में स्नान के साथ ही स्नान करने वालों की कुल संख्या 58 करोड़ से ज्यादा हो गई। मेला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।
इसके अलावा संगम क्षेत्र में 750 शटल बसें पहले से संचालित की जा रही हैं। त्रिवेणी में डुबकी लगाने देश-विदेश से आ रहे करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रतिदिन लगभग 13 हजार क्यूसेक पानी गंगा बैराज से छोड़ा जा रहा है।
प्रयागराज के सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता रमेश कुमार सिंह के मुताबिक दिसंबर 2024 से गंगा बैराज से नियमित अंतराल पर पानी छोड़ा जा रहा है। इस बीच, महाकुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा एक से आठ तक के विद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने की अवधि बृहस्पतिवार को 26 फरवरी (महाशिवरात्रि) तक के लिए बढ़ा दी।
जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, आवागमन में असुविधा और छात्र हित में 21 फरवरी से 26 फरवरी तक जनपद के ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र में स्थित कक्षा एक से आठ तक के समस्त विद्यालयों में कक्षाएं आनलाइन संचालित की जाएंगी।