By अंकित सिंह | Sep 07, 2024
आगामी हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ संभावित गठबंधन पर अनिश्चितता के बीच, आप के राष्ट्रीय सचिव (संगठन) संदीप पाठक ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी हरियाणा चुनाव में पूरी ताकत के साथ सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए पूरी तरह से तैयार है। आप नेता ने जोर देकर कहा कि जो लोग हमें कम आंकते हैं उन्हें भविष्य में पछताना पड़ेगा। उन्होंने का हम पूरी तरह से तैयार हैं और पार्टी के आदेश का इंतजार कर रहे हैं। जैसे ही हमें 'गो' शब्द मिलेगा, हम सब कुछ घोषित कर देंगे। हम सभी सीटों पर पूरी ताकत से चुनाव लड़ने को तैयार हैं और जो लोग हमें कम आंकेंगे उन्हें भविष्य में खुद पछताना पड़ेगा।
कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 32 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की जिसमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को गढ़ी सांपला-किलोई, पहलवान विनेश फोगाट को जुलाना और राज्य इकाई के प्रमुख उदयभान को होडल सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की नयी दिल्ली में हुई बैठक के बाद उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी महासचिव एवं संगठन प्रभारी के. सी. वेणुगोपाल, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के हरियाणा प्रभारी दीपक बाबरिया और हुड्डा समेत अन्य लोग शामिल हुए।