MPSC पेपर लीक: मुंबई क्राइम ब्रांच ने दाखिल की पहली चार्जशीट, अनुभाग अधिकारी मुख्य साजिशकर्ता

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 24, 2026

मुंबई अपराध शाखा ने महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) की औषधि निरीक्षक परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में पहला आरोपपत्र दाखिल किया है, जिसमें एक अनुभाग अधिकारी को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक विज्ञप्ति के अनुसार, 3,000 से अधिक पन्नों का आरोपपत्र शुक्रवार को विशेष भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) अदालत में दाखिल किया गया।

इसमें अगस्त में गिरफ्तार किए गए एमपीएससी के तीन अधिकारियों समेत छह आरोपियों के नाम शामिल हैं। आरोपपत्र में दावा किया गया है कि एमपीएससी में सहायक अनुभाग अधिकारी विश्वेश्वर नकाते के पास प्रश्न बैंक तक पहुंच थी और उसने कथित तौर पर प्रश्नपत्र लीक किए। उसने इस मामले का खुलासा होने की स्थिति में खुद को बचाने के लिए आयोग के अवर सचिव अभिजीत लेंडवे को भी इस साजिश में शामिल कर लिया था।

नकाते नवी मुंबई स्थित एमपीएससी कार्यालय में प्रश्न बैंक के मेटा सेट की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार था। आरोप है कि उसने अपने लैपटॉप पर इस सेट से 300 प्रश्न टाइप किए, उनका प्रिंट निकाला और आयोग के कार्यालय के पार्किंग क्षेत्र में लेंडवे को सौंप दिया। विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपपत्र में गिरफ्तार किए गए 13 आरोपियों और दो वांछित व्यक्तियों के नाम शामिल हैं।

हालांकि, इसमें केवल छह आरोपियों के खिलाफ सबूत पेश किए गए हैं। शेष आरोपियों के खिलाफ दिसंबर में पूरक आरोपपत्र दाखिल किए जाने की संभावना है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं।

आरोपपत्र में दो आरोपियों के बीच कथित अनबन का भी ब्योरा दिया गया है। इनमें परीक्षा में सातवीं रैंक हासिल करने वाली ऋतुजा पाटिल और बाद में इस मामले का खुलासा करने वाले लोकश उर्फ गौरव पाटिल शामिल हैं।

प्रमुख खबरें

Delhi Air Quality: मंगलवार को 227 रहा AQI, छावनी क्षेत्र में हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित

Vehicle Scrappage नियमों में संशोधन से Auto Companies को 25,000 करोड़ की राहत

Punjab Elections 2027: गुजरात के इस चाणक्य के सर्वे ने बदल दिया खेल, ऐसे तय हुई बीजेपी-अकाली दल की दोस्ती

Bhubaneswar: गेमिंग ऐप पर दोस्ती के बाद नाबालिग से दुष्कर्म, Kenyan नागरिक गिरफ्तार