By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 01, 2023
अहमदाबाद। चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग2023 के पहले मैच में शुक्रवार को यहां गत चैंपियन गुजरात टाइटंस के खिलाफ पांच विकेट की हार के बाद कहा कि अगर उनकी टीम 15 से 20 रन और बनाती तो अच्छा रहता। सुपरकिंग्स के 179 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम ने सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल (36 गेंद में 63 रन) के अर्धशतक से चार गेंद शेष रहते पांच विकेट पर 182 रन बनाकर जीत दर्ज की।
धोनी ने मैच के बाद कहा, ‘‘15 से 20 रन और बनते तो अच्छा होता। हम सभी जानते थे कि थोड़ी ओस होगी। मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होना था इसलिए गेंद शुरुआत में थोड़ी रुककर आती है। साथ ही हम बीच के ओवरों में बेहतर बल्लेबाजी कर सकते थे।’’ रुतुराज की सराहना करते हुए धोनी ने कहा, ‘‘रुतु को बल्लेबाजी करते हुए देखना शानदार होता है। उसने खुद को बहुत अच्छी तरह से तैयार किया है और दबाव में सही फैसले करता है।’’ चेन्नई के गेंदबाजों ने दो नोबॉल फेंकी जिस पर धोनी ने कहा कि उन्हें इससे बचना होगा क्योकि यह उनके नियंत्रण में है।