By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026
दिल्ली के एक कारोबारी से उत्तराखंड में जमीन का सौदा करने के नाम पर कथित तौर पर 11.10 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में वांछित गुजरात के 42 वर्षीय व्यक्ति को महाराष्ट्र के खोपोली से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। दिल्ली पुलिस अपराध शाखा के अनुसार, आरोपी एक साल से अधिक समय से खोपोली में छिपा हुआ था और उसकी पहचान मुकेश एल बेलानी के रूप में हुई है।
दिल्ली की एक अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी। अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) संजीव कुमार यादव ने बताया कि एक महीने से अधिक समय तक चले अभियान के बाद आरोपी का पता लगाया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। खोपोली मुंबई से करीब 90 किलोमीटर दूर स्थित है।
उनके मुताबिक, इस मामले में 27 मई, 2025 को सुभाष प्लेस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दिल्ली के कारोबारी ऋषि पाल बंसल ने शिकायत में आरोप लगाया था कि चार लोगों ने उत्तराखंड के रुड़की में जमीन का सौदा कराने के नाम पर उनसे 11.10 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने मई 2024 में बंसल से संपर्क किया था और उन्हें खटकहेड़ी गांव में 20 बीघा जमीन खरीदकर निवेश करने के लिए राजी किया था।
आरोपियों ने जमीन को बाद में बेचकर मोटा मुनाफा दिलाने का वादा किया था। पुलिस ने बताया कि जमीन बेचने के लिए समझौता किया गया और शिकायतकर्ता ने नकद तथा बैंकिंग माध्यमों से भुगतान किया। हालांकि, बाद में उन्हें पता चला कि जमीन विवादित थी और उन्हें दिखाई गई जमीन तथा बिक्री के लिए पेश की गई वास्तविक संपत्ति के बीच विसंगतियां थीं।
जमीन को दोबारा बेचने का वादा भी पूरा नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार, बार-बार मांग करने के बावजूद आरोपियों ने रकम वापस नहीं की। इसके बाद अदालत के निर्देश पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
डीसीपी ने बतायाकि जांच के दौरान बेलानी कथित तौर पर गिरफ्तारी से बचता रहा और उसे इस साल 23 मई को रोहिणी की एक अदालत ने भगोड़ा घोषित कर दिया था। दिल्ली पुलिस आयुक्त ने 16 जून को उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने वडोदरा स्थित अपना आवास छोड़ दिया था और खोपोली में लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
वह कथित तौर पर पहचान छिपाने के लिए किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहा था और अपने परिवार से भी दूर रह रहा था। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं की मदद से वडोदरा से मुंबई और फिर खोपोली तक उसकी गतिविधियों का पता लगाया, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान बेलानी ने खुलासा किया कि वह और उसके साथी जमीन खरीदने तथा उसे दोबारा बेचने के सौदों के जरिए कम समय में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर आर्थिक रूप से संपन्न कारोबारियों को निशाना बनाते थे।
पुलिस ने बताया कि बेलानी गुजरात, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में दर्ज धोखाधड़ी तथा जाली मुद्रा के चार अन्य मामलों में भी कथित तौर पर शामिल है। उसे महाराष्ट्र की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से दिल्ली लाने के लिए तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर की गई। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।