Prabhasakshi NewsRoom: ICU में भर्ती मुलायम सिंह की हालत में कुछ सुधार, PM Modi ने Akhilesh Yadav को फोन कर जाना हाल

By नीरज कुमार दुबे | Oct 03, 2022

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव को रविवार को तबीयत बिगड़ने के बाद गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल के आईसीयू में ले जाया गया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इस बीच मुलायम सिंह की सलामती के लिए दुआओं का दौर भी शुरू हो गया है। तमाम दलों के नेताओं ने मुलायम सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह पिछले कुछ समय से व्हील चेयर पर ही थे और उनका स्वास्थ्य जुलाई में भी बिगड़ा था। ताजा खबर यह है कि मुलायम सिंह यादव का ऑक्सीजन लेवल अब फिर से स्थिर हो गया है। उनके बीपी की समस्या में भी अब सुधार हुआ है वह भी स्थिर बताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि मुलायम सिंह यादव का ऑक्सीजन लेवल रविवार को काफी कम हो गया था।

लखनऊ से प्राप्त समाचार के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से दूरभाष पर वार्ता कर मुलायम सिंह यादव की कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। सरकारी बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेदांता अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सकों से वार्ता कर मुलायम सिंह यादव को उत्कृष्ट इलाज मुहैया कराने के लिए कहा। इस बीच, सपा की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि मुलायम सिंह के भाई शिवपाल सिंह यादव पहले से वहां मौजूद हैं, जबकि पार्टी के अध्यक्ष व मुलायम के बेटे अखिलेश यादव लखनऊ से दिल्ली पहुँच गये हैं। अस्पताल के सूत्रों ने कहा कि कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन सूद और डॉ. सुशील कटारिया की निगरानी में 82 वर्षीय मुलायम सिंह का इलाज किया जा रहा है। मुलायम सिंह को जुलाई में भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इसे भी पढ़ें: मुलायम सिंह यादव की बिगड़ी तबीयत, गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल के आईसीयू में किया गया शिफ्ट

उधर, कई और नेता ट्वीट कर मुलायम सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, “मुलायम सिंह जी की खराब तबीयत का समाचार प्राप्त हुआ। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने ट्वीट किया, “मुलायम सिंह यादव जी की बिगड़ती सेहत के बारे में सुनकर हम सब चिंतित हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने के लिए कामना कर रहे हैं।” राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत सिंह ने ट्वीट किया, “मुलायम सिंह जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

वहीं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी की सेहत खराब होने की मीडिया के माध्यम से जानकारी प्राप्त हुई, मैं भगवान से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना एवं प्रार्थना करता हूं।’’ दूसरे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ट्वीट किया,‘ ‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी के अस्वस्थ होने की सूचना प्राप्त हुई, मैं प्रभु श्री राम जी से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं दीर्घायु जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।’’

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी मुलायम सिंह यादव के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, "समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबियत बिगड़ने की जानकारी मिलने पर उनके पुत्र और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी से दूरभाष पर वार्ता कर मुलायम सिंह जी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। नीतीश ने लिखा कि मुलायम के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है।" हम आपको बता दें कि मुलायम सिंह यादव फिलहाल लोकसभा सदस्य हैं लेकिन उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के बाद से वह पार्टी के किसी कार्यक्रम में दिखाई नहीं दिये। हाल में संपन्न समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन से भी वह अनुपस्थित रहे थे। इस अधिवेशन में अखिलेश यादव को लगातार तीसरी बार पार्टी का अध्यक्ष चुना गया था।

-नीरज कुमार दुबे

प्रमुख खबरें

Tech कंपनी में बड़ा फेरबदल: Layoffs के बाद Hillary Maxson बनीं नई CFO, AI पर होगा बड़ा निवेश

Aviation Sector से MSME तक को मिलेगी Oxygen, सरकार ला रही नई Loan Guarantee Scheme

Air India के Top Level पर बड़ा फेरबदल, CEO Campbell Wilson का इस्तीफा, नए बॉस की तलाश तेज

Candidates Tournament: Tan Zhongyi की एक गलती पड़ी भारी, Vaishali ने मौके को जीत में बदला