मुंबई : कुर्क किए गए थियेटर को ध्वस्त करने, जमीन बेचने के आरोप में इकबाल मिर्ची का सहयोगी गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 07, 2025

पुलिस ने मादक पदार्थ तस्कर इकबाल मिर्ची के सहयोगी को एक सिनेमाघर को कथित तौर पर ध्वस्त करने और उसके भूखंड को 15 करोड़ रुपये में बेचने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों ने हाल में शिकायत दर्ज कराई थी कि गिरगांव स्थित न्यू रोशन टॉकीज थिएटर को ध्वस्त कर दिया गया और उसकी जमीन को बेच दिया गया। इस संपत्ति को ईडी ने कुर्क किया था।

उन्होंने बताया कि बाद में अब्दुल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत धोखाधड़ी, अतिक्रमण और जालसाजी करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया।

अधिकारी ने बताया कि इकबाल मिर्ची से जुड़े इस थिएटर को ईडी ने 2020 में कुर्क किया था। कुर्की के बावजूद अब्दुल ने थिएटर के मालिकाना हक का दावा करते हुए पिछले साल उसे ध्वस्त कर दिया।

उन्होंने बताया कि उसने कथित तौर पर मध्य प्रदेश के ग्वालियर के एक व्यापारी को 15 करोड़ रुपये में थएटर की जमीन बेचने का सौदा किया और बयाना भी ले लिया था।

अधिकारी ने बताया कि ईडी के अधिकारियों को संदेह है कि अब्दुल ने संपत्ति के रिकॉर्ड में छेड़छाड़ की और धोखाधड़ी से थिएटर की जमीन को अपने नाम करवा लिया। उन्होंने बताया कि अब्दुल और मिर्ची दशकों से एक-दूसरे को जानते थे।

दोनों ने 1982 में संयुक्त रूप से छह लाख रुपये में थिएटर खरीदा था और इसमें अधिकतर योगदान अब्दुल के खाते से आया था। इकबाल मिर्ची की मौत हो चुकी है। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए जाने के बाद अब्दुल को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे शुक्रवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

प्रमुख खबरें

Ranchi में RJD और AISA का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

Novak Djokovic ने Rafael Nadal का रिकॉर्ड तोड़ा, China Open में दर्ज की 32वीं जीत

Imran Khan की पार्टी PTI ने शुरू किया Islamabad मार्च, सरकार से बातचीत रही बेअसर

Supreme Court जज की टिप्पणी के बाद CEC ज्ञानेश कुमार पद पर रहने का नैतिक हक खो चुके: Congress