Mumbai Police ने 81.80 लाख के गहने चुराने वाले पूर्व उप शाखा प्रबंधक को गिरफ्तार किया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 21, 2026

मुंबई पुलिस ने एक निजी बैंक के पूर्व उप प्रबंधक को एक बुजुर्ग एनआरआई के लॉकर से 81.80 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह मामला 12 अगस्त को सामने आया, जब दुबई में रहने वाले 74 वर्षीय सेवानिवृत्त व्यक्ति प्रदीप मोतीराम भाटिया ने कांदिवली थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांचकर्ताओं के अनुसार, कथित चोरी इस बारे में शिकायत दर्ज होने से करीब दो साल पहले हुई थी, इसलिए सामान्य तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज से सीमित सुराग ही मिल पाए। इसके बाद पुलिस ने बैंक के पूर्व कर्मचारियों और लॉकर आवंटन प्रक्रिया की जांच शुरू की।

पुलिस को कांदिवली शाखा में भाटिया को लॉकर आवंटित किए जाने के समय उप शाखा प्रबंधक के पद पर कार्यरत कुलदीप रामचंद्र सहानी (35) की भूमिका पर संदेह हुआ। जांच के दौरान पुलिस ने सहानी के बैंक खातों की जांच की और पाया कि पिछले दो वर्षों में उसके खातों से करीब नौ करोड़ रुपये के लेन-देन हुए हैं। इनमें सोना ऋण देने वाली कंपनियों के साथ बड़ी संख्या में लेन-देन शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि जांचकर्ताओं ने इन कंपनियों के पास गिरवी रखे गए सोने के आभूषणों की तस्वीरें हासिल कीं और उन्हें भाटिया को दिखाया। भाटिया ने इन आभूषणों की पहचान अपने चोरी हुए गहनों के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने सहानी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से 610 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए, जिनकी कीमत 81.80 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के चार दिन के भीतर ही इस मामले को सुलझा लिया गया।

प्रमुख खबरें

Delhi में DDA विकसित करेगा 3D Digital Twin मॉडल, मास्टर प्लान 2047 का है हिस्सा

PM Narendra Modi ने नीतियां बनाने में विभागों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के सहयोग का आह्वान किया

Delhi Police मुठभेड़ में हिमांशु भाऊ गैंग के 2 शूटर घायल हुए, रोहतक पुलिस भी रही शामिल

Shivpal Singh पर दूसरे डोपिंग मामले में NADA ने लगाया 10 साल का प्रतिबंध