शिंदे के खिलाफ टिप्पणी मामले में मुंबई पुलिस ने कामरा को नोटिस जारी किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 26, 2025

मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में ‘स्टैंड-अप कॉमेडियन’ कुणाल कामरा को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

हालांकि अधिकारी ने यह खुलासा नहीं किया कि शिंदे के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोपी कामरा को कब तलब किया गया है, लेकिन सूत्रों ने बताया कि कॉमेडियन ने पुलिस के समक्ष पेश होने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा है।

कामरा ने अपने शो में शिवसेना नेता शिंदे के राजनीतिक करियर पर कटाक्ष करके महाराष्ट्र में बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है। ‘स्टैंड-अप कॉमेडियन’ कुणाल कामरा ने कहा है कि वह महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बारे में अपनी विवादास्पद टिप्पणियों के लिए माफी नहीं मांगेंगे।

इसके साथ ही उन्होंने मुंबई में उस स्थान पर तोड़फोड़ किए जाने की आलोचना की, जहां ‘कॉमेडी शो’ रिकॉर्ड किया गया था। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने रविवार को मुंबई में खार क्षेत्र स्थित ‘हैबिटेट कॉमेडी क्लब’ में कथित रूप से तोड़फोड़ की थी, जहां कामरा का कार्यक्रम शूट किया गया था।

इस कार्यक्रम में उन्होंने शिंदे पर ‘‘गद्दार’’ शब्द के जरिये कटाक्ष किया था। बड़ी संख्या में शिवसेना कार्यकर्ता रविवार रात ‘होटल यूनिकॉन्टिनेंटल’ के बाहर एकत्र हुए जहां संबंधित क्लब स्थित है। उन्होंने क्लब और होटल परिसर में तोड़फोड़ की।

‘हैबिटैट क्लब’ वही स्थान है जहां विवादास्पद ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ शो को शूट किया गया था। शिंदे द्वारा वर्ष 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत किए जाने का जिक्र करते हुए कामरा ने अपने शो में फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के एक गीत का संशोधित संस्करण गाया था।

शिवसेना विधायक मुर्जी पटेल की शिकायत के आधार पर खार पुलिस ने शिंदे के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए कामरा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने कॉमेडियन के शो के स्थल पर तोड़फोड़ करने के लिए शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के 40 कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।

प्रमुख खबरें

किसान के बाद छात्र भी आतंकवादी: Rahul Gandhi बोले, Dharmendra Pradhan माफ़ी मांगें

वेनेजुएला में 126 साल में सबसे बड़ी तबाही, भारत ने दिया एक्शन का आदेश

शिवराज सिंह चौहान के बेटे ने किया मानहानि केस तो राहुल गांधी ने जताया खेद, जानें पूरा मामला

PM Modi के बाद अब Amit Shah राष्ट्रपति भवन पहुंचे, Cabinet Reshuffle पर फाइनल मुहर लगने की अटकलें!