Hafiz Saeed समेत 26/11 के छह साजिशकर्ताओं को भगोड़ा घोषित करने का आदेश तामील होना बाकी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 25, 2026

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 26 नवंबर 2008 को भीषण हमले करने वाले लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादियों को हिंदी सिखाने वाले जबीउद्दीन अंसारी उर्फ अबू जुंदाल के खिलाफ मुकदमा जहां जारी है, वहीं संबंधित आतंकी संगठन के सरगना हाफिज सईद और जकी-उर-रहमान लखवी समेत छह अन्य साजिशकर्ताओं को भगोड़ा घोषित करने के आदेशों को तामील कराना अभी बाकी है। विशेष अदालत ने इसी साल जुलाई में छह फरार आरोपियों को भगोड़ा घोषित करने के आदेश जारी किए थे। अदालत फिलहाल जुंदाल के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई कर रही है।

इसी साल अगस्त और सितंबर में, अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया था कि उसने गृह मंत्रालय से 2008 के मुंबई आतंकी हमले के मामले में छह फरार आरोपियों को भगोड़ा घोषित करने के आदेश तामील कराने का अनुरोध किया है। हालांकि, गृह मंत्रालय ने अभी तक इस अनुरोध का कोई जवाब नहीं दिया है। विशेष लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम ने कहा कि वांछित आरोपियों के खिलाफ जारी भगोड़ा आदेशों के तामील होने को लेकर अभी तक कोई प्रगति नहीं हुई है, लेकिन उन्होंने भरोसा दिया कि हमलों के दोषियों को भारत में सजा दी जाएगी।

निकम ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘अभियोजन पक्ष यह सुनिश्चित करेगा कि उन सभी लोगों को भारतीय धरती पर सजा मिले, जिन्होंने इन जघन्य हमलों में मदद की थी।’’ उन्होंने कहा कि प्रक्रिया के अनुसार, फरार आरोपियों के खिलाफ राजनयिक माध्यमों से गैर-जमानती वारंट और इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी किए गए थे; जो हमलों के मुख्य सूत्रधार और साजिशकर्ता हैं। निकम ने कहा, ‘‘लेकिन मुझे यकीन है कि पाकिस्तान सरकार कोई जवाब नहीं देगी, क्योंकि वह देश आतंकवादियों के लिए पनाहगाह बना हुआ है।’’ अभियोजन पक्ष ने अगस्त और सितंबर में अदालत को बताया था कि गृह मंत्रालय से अनुरोध किया गया था कि वह पाकिस्तान में रह रहे संदिग्ध आरोपियों के खिलाफ इंटरपोल के जरिये भगोड़ा आदेश तामील कराने के लिए जरूरी कदम उठाए। जुंदाल के खिलाफ मुकदमा 2018 से रुका हुआ था, क्योंकि सरकारी अधिकारियों ने आरोपी को कुछ दस्तावेज सौंपे जाने को लेकर एक याचिका दायर की थी।

यह फिर बंबई उच्च न्यायालय से मंजूरी मिलने के बाद पिछले साल नवंबर में शुरू हुआ। जुंदाल पर न केवल हमलों की योजना बनाने का, बल्कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हमला करने वाले 10 पाकिस्तानी आतंकवादियों को प्रशिक्षण देने का भी आरोप है। उसने उन्हें खास तौर पर हिंदी सिखाई और मुंबई की जगहों के बारे में अहम जानकारियां दीं, ताकि वे वहां के माहौल में आसानी से घुल-मिल सकें।

सईद और लखवी के अलावा, चार अन्य फरार आरोपी साजिद मीर, अबू अलकामा, असीम उर्फ ​​अबू काहाफा और मेजर अब्दुर रहमान पाशा हैं। हमले में इन लोगों की भूमिका का खुलासा अजमल कसाब और आरोपी से सरकारी गवाह बने डेविड हेडली ने किया। मुंबई आतंकी हमलों में कुल 166 लोग मारे गए थे, जिनमें छह अमेरिकी और अन्य विदेशी नागरिक भी शामिल थे।

भारी हथियारों से लैस 10 पाकिस्तानी आतंकवादी 26 नवंबर 2008 को अरब सागर के रास्ते देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में दाखिल हुए और शहर की कई प्रमुख एवं महत्वपूर्ण जगहों पर 60 घंटे से भी समय तक गोलीबारी करते रहे। जांचकर्ताओं का आरोप है कि जुंदाल ने आतंकवादियों के आका के तौर पर अहम भूमिका निभाई थी। जिंदा पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी अजमल कसाब को 2010 में एक विशेष अदालत ने दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई थी, और नवंबर 2012 में उसे पुणे की यरवदा जेल में फांसी दे दी गई।

प्रमुख खबरें

उत्तराखंड पुलिस ने West Bengal से पकड़ा एक लाख का इनामी बदमाश Shaukat Ali

उत्तराखंड की महिलाओं को मिलेंगे 20000 रुपए, दिसंबर में आएगी पहली किस्त, जानें इसके बारे में

Budget 2027-28: शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट और खेल को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने लिए अहम सुझाव

London जाने से रोके गए CJP के Sourav Das, MEA ने Passport नोटिस पर दी सफाई