By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 01, 2021
मुम्बई। संगीतकार एवं गायक बप्पी लहिरी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और उन्हें उपचार के लिए यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बप्पी लहिरी की बेटी एवं गायिका रीमा लहिरी बंसल ने यह जानकारी दी। गायक के प्रवक्ता ने बुधवार रात एक बयान जारी किया था, जिसके अनुसार 68 वर्षीय गायक को ‘‘एहतियाती तौर’’ पर ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रीमा लहिरी बंसल ने एक बयान में कहा, ‘‘ बप्पी दा ने काफी एहतियात बरते लेकिन वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं, उनमें संक्रमण के मामूली लक्षण हैं। उनकी उम्र को देखते हुए एहतियाती तौर पर उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया हैं, वहां वह डॉ. उडवाडिया की निगरानी में हैं।’’