हैदराबाद में Nagarjuna Akkineni ने G Kishan Reddy की नशा विरोधी पदयात्रा में लिया हिस्सा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

जाने माने अभिनेता नागार्जुन अक्किनेनी ने शुक्रवार को केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी के नेतृत्व में नशे के खिलाफ जागरुकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित पदयात्रा में भाग लिया। रेड्डी ने नशामुक्त भारत के लिए काम करने की शपथ भी दिलाई। नागार्जुन ने अमीरपेट में आयोजित पदयात्रा के तीसरे और अंतिम दिन अभिनेता साई कुमार, शिव रेड्डी और निर्देशक बोयापति श्रीनिवास समेत अन्य फिल्मी हस्तियों के साथ इसमें हिस्सा लिया।

इस अवसर पर नागार्जुन ने, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारत को नशामुक्त बनाने के संकल्प के तहत किशन रेड्डी की इस पहल की सराहना की। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान का समर्थन करने का आग्रह किया। नागार्जुन ने छात्रों से भरी जनसभा को संबोधित करते हुए शपथ पढ़ी, जिसमें कहा गया था, ‘‘नशा से दूर रहने के अलावा मैं अपने परिवार, मित्रों और आसपास के समाज को भी नशे की चपेट में आने से बचाने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा।’’ अपनी दमदार आवाज के लिए मशहूर साई कुमार ने ‘नशा मुक्त भारत-हम यह करके दिखाएंगे’ जैसे नारे लगाए।

इससे पहले, किशन रेड्डी ने पत्रकारों को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें शुक्रवार को दिल्ली में होने वाली ‘‘मंत्रिमंडल की आपात बैठक’’ की वजह से पदयात्रा बाधित नहीं करने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि पदयात्रा को समाज के विभिन्न वर्गों से जबरदस्त समर्थन मिला है और मेगास्टार चिरंजीवी और ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के संस्थापक श्री श्री रविशंकर पदयात्रा के समापन समारोह में शामिल होंगे। ‘‘हैदराबाद वॉक्स फॉर नशा मुक्त भारत’’ नाम से शुरू हुई यह पदयात्रा 25 नवंबर को अंबरपेट से शुरू हुई थी।

प्रमुख खबरें

संसद की विशेष बैठक Delimitation आगे बढ़ाने की चाल, हिमाचल के मंत्री Chander Kumar का आरोप

IBM का बड़ा फैसला: Consulting Division में अधिकांश पदों के लिए US वीजा और ग्रीन कार्ड स्पॉन्सरशिप बंद, भारतीय कर्मचारियों पर गहरा असर

Wedding फंक्शन में चार चांद लगा देंगे ये 7 खूबसूरत Peacock Bangles

Baingan Recipe: रोजाना वाले बैंगन को भूल जाएंगे, एक बार ट्राई करें स्पेशल रेसिपी