नागपुर में 20 रुपये के विवाद पर 76 वर्षीय मोची की हत्या, आरोपी दिलीप पवार गिरफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 05, 2026

नागपुर, पांच अक्टूबर महाराष्ट्र के नागपुर के बुटीबोरी इलाके में चप्पल की मरम्मत के 20 रुपये देने को लेकर हुए विवाद में 76 वर्षीय मोची पर लोहे के औजार से कथित तौर पर हमला कर दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान दिलीप पवार (35) के रूप में हुई है जिसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

मृतक की पहचान जयसिंह राजाराम भैसवार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पवार चप्पल की मरम्मत कराने के लिए मोची की दुकान पर गया था। काम पूरा होने के बाद उसने मरम्मत के पैसे देने से इनकार कर दिया।

दुकान पर मौजूद भैसवार ने उससे मरम्मत के 20 रुपये देने को कहा। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस ने बताया कि पवार ने कथित तौर पर भैसवार को गाली दी और मोची का काम करने में इस्तेमाल होने वाली लोहे की त्रिकोणीय निहाई से उसके सिर पर वार कर दिया।

घायल व्यक्ति को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नागपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘पैसे देने को लेकर हुआ विवाद हिंसक हमले में बदल गया। आरोपी ने दुकान पर रखा लोहे का औजार उठाकर बुजुर्ग के सिर पर वार कर दिया।

घटना के तुरंत बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।’’ बुटीबोरी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रमुख खबरें

Shivraj Singh Chouhan बोले: 50 करोड़ लोग गरीबी से निकले, योजनाओं ने निभाई अहम भूमिका

CJI Surya Kant बोले, पेशेवर सफलता के लिए सिद्धांतों से समझौता करना कभी सही नहीं

Droupadi Murmu के ओडिशा दौरे को लेकर कटक और भुवनेश्वर में 70 प्लाटून पुलिस बल तैनात

Revanth Reddy का BRS पर हमला, KCR ने कृष्णा जल बंटवारे पर किए तेलंगाना के मृत्यु वारंट पर दस्तखत