By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 29, 2026
नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र सीट के लिए हुए चुनाव में कांटे के मुकाबले में कांग्रेस उम्मीदवार और मौजूदा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अभिजीत वंजारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार को 3,271 मतों से हराकर सीट बरकरार रखी है। मतगणना मंगलवार सुबह शुरू हुई और बृहस्पतिवार तड़के समाप्त हुई। कांग्रेस ने मौजूदा विधान परिषद सदस्य वंजारी को उम्मीदवार बनाया था जिन्हें 67,231 वोट मिले।
बुधवार को मतगणना के दूसरे दौर के बाद कोहले, कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 4,294 मतों से आगे थे। निर्वाचन अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पहली वरीयता के मतों के आधार पर मतगणना के दूसरे दौर के बाद कोहले को 60,924 वोट मिले थे जबकि वंजारी को 56,630 वोट मिले थे। निर्दलीय उम्मीदवार नितेश कराले को 24,249 वोट मिले थे।
हालांकि, किसी भी उम्मीदवार को जीत के लिए जरूरी मतों का कोटा नहीं मिलने के कारण दूसरी वरीयता के मतों की गिनती की गई। नागपुर संभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का लंबे समय तक केंद्रीय मंत्री गडकरी प्रतिनिधित्व करते रहे थे। वह कई कार्यकाल तक इस सीट से विधान परिषद सदस्य रहे।
पिछले चुनाव में भी वंजारी ने भाजपा उम्मीदवार संदीप जोशी को हराया था।