By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026
नांदेड़, नौ नवंबर महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में दो नाबालिग लड़कियों के कथित अपहरण के मामले में हिरासत में लिया गया 21 वर्षीय युवक थाने की पहली मंजिल से कूद गया, जिससे वह घायल हो गया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस इंस्पेक्टर संतोष तांबे ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना रविवार सुबह करीब नौ बजे भाग्यनगर थाने में हुई जब पुलिस अधिकारी संदिग्ध ओंकार शहाणे की गिरफ्तारी से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, परभणी जिले के पाथरी स्थित जावला जोटा गांव के रहने वाले कार्तिक जोटे (19) और शहाणे के खिलाफ चार नवंबर को 17 वर्षीय दो लड़कियों के कथित अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। ये लड़कियां नांदेड़ शहर के एक हॉस्टल में रहती थीं और तीन नवंबर की रात को वापस नहीं लौटीं। हॉस्टल प्रशासन ने उनके परिजनों को सूचित किया जिसके बाद वे नांदेड़ पहुंचे और दोनों युवकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान यह पता चला कि दोनों आरोपी सोलापुर रेलवे स्टेशन पर हैं, जहां रेलवे पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें नांदेड़ लाया गया। उन्होंने बताया कि जब पुलिस गिरफ्तारी की औपचारिकताएं पूरी कर रही थी तभी शहाणे ने कथित तौर पर इमारत की पहली मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे वह घायल हो गया।
उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।