By नीरज कुमार दुबे | Nov 16, 2026
डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार, सोशल मीडिया पर सूचनाओं की बाढ़, फेक न्यूज और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से पैदा हो रही नई चुनौतियों के बीच राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर पत्रकारिता की विश्वसनीयता और जवाबदेही का सवाल केंद्र में रहा। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट संदेश दिया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का निर्वहन भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने मीडिया संस्थानों और पत्रकारों से बदलती तकनीक के अनुरूप खुद को तैयार करने तथा पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को बनाए रखने का आह्वान किया।
हम आपको बता दें कि नई दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन के रंग भवन सभागार में प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह में इस वर्ष की थीम 'पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी' रही। कार्यक्रम में प्रेस काउंसिल की अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) रंजना प्रकाश देसाई, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार, वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा और राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने तकनीकी बदलावों की रफ्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले पांच वर्षों में दुनिया उतना बदलाव देख सकती है, जितना पिछले दो दशकों में हुआ है। ऐसे में पत्रकारिता जगत के सामने चुनौती केवल नई तकनीक अपनाने की नहीं, बल्कि उसके दुरुपयोग को रोकने की भी है। उन्होंने डीपफेक, भ्रामक विज्ञापनों, गलत सूचनाओं, डिजिटल अरेस्ट और बच्चों को प्रभावित करने वाले ऑनलाइन कंटेंट पर चिंता जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या डिजिटल प्लेटफॉर्म के मौजूदा कम्युनिटी गाइडलाइंस इन चुनौतियों से निपटने के लिए पर्याप्त हैं? उन्होंने कहा कि इस पर गंभीर विचार-विमर्श जरूरी है कि डिजिटल दुनिया में नागरिकों के हितों की रक्षा और प्लेटफॉर्म की जवाबदेही कैसे सुनिश्चित की जाए।
साथ ही समारोह में वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा ने पत्रकारिता के सामने खड़ी सबसे बड़ी चुनौती की ओर ध्यान खींचा। उन्होंने कहा कि सनसनी और जिम्मेदारी के बीच एक बेहद महीन रेखा है, जिसे पार करने का खामियाजा पत्रकारिता की विश्वसनीयता को भुगतना पड़ता है। आपातकाल, 26/11 मुंबई आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में संयम, संवेदनशीलता और तथ्यों का सत्यापन बेहद जरूरी है। उनका संदेश था, 'कम शोर, ज्यादा खबर; कम सनसनी, ज्यादा जिम्मेदारी।'
इसे भी पढ़ें: राष्ट्रीय प्रेस दिवस: पत्रकारिता, नैतिकता और लोकतंत्र की परीक्षा
वहीं प्रेस काउंसिल की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई ने भी पत्रकारिता के नैतिक मानकों और प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा को परिषद की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि आज मोबाइल और इंटरनेट के जरिए कोई भी व्यक्ति सूचना प्रसारित कर सकता है, लेकिन हर सूचना प्रसारित करने वाला व्यक्ति प्रशिक्षित पत्रकार नहीं होता और न ही हर कोई पत्रकारिता की नैतिक सीमाओं का पालन करता है। यही अंतर विश्वसनीय पत्रकारिता और अनियंत्रित सूचना प्रसार के बीच की रेखा तय करता है।
इसके अलावा, भाजपा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहे जाने के ऐतिहासिक संदर्भ को सामने रखा। उन्होंने बताया कि 'फोर्थ एस्टेट' की अवधारणा की शुरुआत 19वीं सदी में ब्रिटिश संसद से जुड़ी है। उस समय ब्रिटिश राजनेता एडमंड बर्क ने संसद की प्रेस गैलरी की ओर इशारा करते हुए प्रेस को एक शक्तिशाली चौथा स्तंभ बताया था। त्रिवेदी ने कहा कि सदियों के दौरान पत्रकारिता ने समाज में बड़े बदलाव लाने और जनमत को प्रभावित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की ताकत के साथ उसकी जिम्मेदारी और सूचना के सही प्रसार की भूमिका को भी समझना जरूरी है।
साथ ही मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने कहा कि पत्रकारिता में खबर की लोकप्रियता से ज्यादा उसकी सच्चाई मायने रखती है। किसी खबर को वायरल करने की जल्दबाजी में तथ्यों की जांच और पुष्टि से समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि टीआरपी और ज्यादा क्लिक पाने की होड़ में पत्रकारिता की विश्वसनीयता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। AI खबरें तैयार करने में मददगार हो सकता है, लेकिन खबर की सही-गलत पहचान करने, संपादकीय फैसला लेने और उसकी जिम्मेदारी निभाने का काम इंसान को ही करना होगा।
इसके अलावा, कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पड़ाव प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की ओर से 'नॉर्म्स ऑफ जर्नलिस्टिक कंडक्ट' के 2026 संस्करण का विमोचन रहा। इसमें प्राकृतिक आपदाओं और संघर्ष की रिपोर्टिंग, विरोध-प्रदर्शनों की कवरेज, दिव्यांगों और यौनकर्मियों से जुड़े समाचार, बच्चों की निजता की सुरक्षा तथा ऑनलाइन मनी गेमिंग से संबंधित विज्ञापनों को लेकर नए दिशा-निर्देश शामिल किए गए हैं।
बहरहाल, राष्ट्रीय प्रेस दिवस के इस आयोजन ने मीडिया के सामने एक बुनियादी सवाल खड़ा किया है कि क्या पत्रकारिता का लक्ष्य सिर्फ सबसे पहले खबर दिखाना और सबसे ज्यादा दर्शक जुटाना रह गया है, या फिर सच सामने लाना उसकी पहली जिम्मेदारी है? तकनीक बदल सकती है, खबर पहुंचाने के माध्यम बदल सकते हैं, लेकिन पत्रकारिता की विश्वसनीयता का आधार तथ्य, निष्पक्षता, संपादकीय विवेक और जवाबदेही ही रहेंगे।