‘स्वाभाविक सहयोगी’ हैं, मोदी की यात्रा संबंधों को और मजबूत करेगी: भारतवंशी पूर्व सीईओ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 20, 2023

कॉरपोरेट जगत की प्रमुख भारतीय अमेरिकी हस्ती पुनीत रंजन का कहना है कि भारत और अमेरिका ‘‘स्वाभाविक सहयोगी’’ हैं तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की राजकीय यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करेगी। ‘डेलॉइट ग्लोबल’ कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रहे रंजन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिये साक्षात्कार में कहा कि अमेरिका ‘‘बाहें फैलाकर’’ प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत कर रहा है और उनकी राजकीय यात्रा ‘‘बहुत अहम’’ है। रंजन 2015 से 2022 तक डेलॉइट ग्लोबल के सीईओ के रूप में सेवाएं देने के बाद पिछले साल 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने कहा कि अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करने से लेकर राजकीय रात्रिभोज तक मोदी की यात्रा का पूरा कार्यक्रम ‘‘विशिष्ट’’ है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार सुबह अमेरिका की यात्रा के लिए नयी दिल्ली से रवाना हो गए। मोदी 21 से 23 जून तक अमेरिका की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। इसके बाद वह 25 जून तक मिस्र की यात्रा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा न्यूयॉर्क से शुरू होगी, जहां वह 21 जून को न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह की अगुवाई करेंगे। इसके बाद वह वाशिंगटन डी.सी. जाएंगे, जहां 22 जून को व्हाइट हाउस में उनका पारंपरिक स्वागत किया जाएगा और वह अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन से मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन 22 जून की शाम प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में राजकीय रात्रिभोज की मेजबानी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी 22 जून को अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे।

मोदी 23 जून को कई प्रमुख कंपनियों के सीईओ, पेशेवरों और अन्य हितधारकों के साथ भी बातचीत करेंगे। वह भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन 23 जून को मोदी के सम्मान में आयोजित दोपहर भोज की मेजबानी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी वाशिंगटन के प्रतिष्ठित ‘रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग एंड इंटरनेशनल ट्रेड सेंटर’ में 23 जून को आयोजित कार्यक्रम में भारतीय-प्रवासियों को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी दो देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में 24 से 25 जून तक मिस्र की राजकीय यात्रा पर काहिरा जाएंगे। मोदी मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के निमंत्रण पर यह यात्रा कर रहे हैं।

प्रमुख खबरें

बिहार में बाढ़ नियंत्रण के लिए Water Grid और गाद निकासी जरूरी: Nitin Gadkari

West Bengal में स्कूली पाठ्यक्रम में बदलाव की तैयारी, Shyama Prasad Mukherjee पर शामिल होगा पाठ

ICC ODI World Cup 2027 Schedule: ऑस्ट्रेलिया से पहला मैच, 10 अक्टूबर को भिड़ेंगे भारत और पाकिस्तान

Manipur Cabinet ने हिंसा में लापता 49 लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये देने को दी मंजूरी