By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 02, 2026
नयी दिल्ली, दो अगस्त दिल्ली पुलिस ने पूर्वी दिल्ली में एक कमीशन एजेंट से लूटपाट और हत्या के मामले में 15 साल से फरार एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी नौशाद (37) को शुक्रवार को शास्त्री पार्क फ्लाईओवर के पास से पकड़ा गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, हमलावरों ने कथित तौर पर बंदूक का भय दिखाकर उनसे लूटपाट करने की कोशिश की। जैन ने जब विरोध किया तो नौशाद और भूरा उर्फ मुस्तकीन समेत दो आरोपियों ने गोली चला दी, जिससे उनकी मौत हो गई और वे नकदी से भरा बैग लेकर भाग गए। जैन को डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में शकरपुर थाने में हत्या, लूट, आपराधिक साजिश और समान मंशा से अपराध करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि मामले में चार आरोपियों (अरशद, भूरा उर्फ मुस्तकीन, नदीम उर्फ नड्डा और जाकी अनवर) को पहले ही गिरफ्तार कर आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका था और बाद में अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया। हालांकि, नौशाद गिरफ्तारी से बचता रहा और लगातार फरार रहा।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में अपराध शाखा को फरार आरोपी का पता लगाने की जिम्मेदारी सौंपी गई, जिसके बाद नौशाद की गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए नौशाद लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा और अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। इस जानकारी के आधार पर कि वह शास्त्री पार्क इलाके में आएगा, एक टीम ने जाल बिछाया और शुक्रवार को उसे पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, बिहार के सहरसा जिले का रहने वाला नौशाद विवाहित है।