By एकता | Nov 15, 2026
महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित कलंबोली स्टील मार्केट में रविवार को एक गैरेज और गोदाम में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग बुझाने के दौरान वहां जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में एक दमकलकर्मी घायल हो गया है, जबकि परिसर का मालिक फिलहाल लापता बताया जा रहा है।
उप अग्निशमन अधिकारी मनीष ब्रह्मणकर ने बताया कि शुरुआत में उन्हें एक दुकान में आग लगने की खबर मिली थी। उन्होंने कहा, "रात करीब साढ़े 10 बजे हमारे कंट्रोल रूम को फोन आया कि एक दुकान में आग लग गई है। हमने तुरंत दमकल की टीम को मौके पर भेजा। वहां पहुंचने पर पता चला कि आग किसी दुकान में नहीं, बल्कि एक गैरेज और गोदाम में लगी थी।"
अधिकारी के मुताबिक, दमकल टीम को इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि गोदाम के अंदर कौन-कौन से केमिकल रखे हुए हैं। मनीष ब्रह्मणकर ने आगे बताया, "अचानक वहां एक जोरदार धमाका हुआ। बाद में हमें पता चला कि धमाके की वजह अंदर रखे थिनर के कई ड्रम थे। इस धमाके में हमारा एक दमकलकर्मी घायल हो गया, जो 5 से 6 प्रतिशत तक झुलस गया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
इस घटना के बाद से गोदाम और गैरेज का मालिक लापता है, जिसके संबंध में पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उप अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि आग किस वजह से लगी थी। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।