By अंकित सिंह | Oct 14, 2021
पंजाब कांग्रेस में मची उथल-पुथल के बीच आज पीसीसी अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने दिल्ली में प्रदेश प्रभारी हरीश रावत से मुलाकात की। मुलाकात के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान का हर फैसला उन्हें मंजूर होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मैंने अपने मुद्दे को कांग्रेस आलाकमान के समक्ष रख दिया है। अपने बयान में सिद्धू ने यह भी कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उनके नेता हैं। उन्हें कांग्रेस नेतृत्व पर पूरा भरोसा है।
गौरतलब है कि प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालने के कुछ ही दिनों के बाद कई मुद्दों पर राज्य सरकार से मतभेद के कारण उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया था। हालांकि उनका इस्तीफा अब तक मंजूर नहीं किया गया है। पिछले दिनों कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उस दौरान यह भी चर्चा थी कि सिद्धू मुख्यमंत्री चन्नी की कार्यशैली को लेकर भी खुश नहीं हैं, हालांकि कांग्रेस के सूत्र इससे इनकार करते हैं। कांग्रेस सूत्रों ने यह भी बताया कि फिलहाल सिद्धू के दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से उनकी मुलाकात का कोई कार्यक्रम तय नहीं है।