माता के नौ रूपों को लगाएं यह भोग, मिलेगा मनवांछित फल

By विंध्यवासिनी सिंह | Oct 17, 2020

अगर आप भी अपने घर में माता की चौकी या कलश स्थापना करने की इच्छा रखते हैं तो यह बेहद ही शुभ कार्य है और ऐसी मान्यता है कि इससे माता रानी की कृपा आपके घर में बनी रहेगी। नवरात्रों में कलश रखने वाले लोगों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह होती है कि वो नौ दिन माता के भोग में क्या प्रसाद रखें?

इसे भी पढ़ें: इस नवरात्रि चाहिए मां की विशेष कृपा तो जरूर अपनाएं यह वास्तु टिप्स

प्रथम दिन

प्रथम दिन मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना की जाती है और कहा जाता है कि माता शैलपुत्री शैलराज की पुत्री हैं, इसीलिए इनको सफेद रंग बेहद प्रिय है। माता को प्रथम दिन सफेद रंग के फूल चढ़ाएं और सफेद रंग के भोग प्रसाद चढ़ाएं। इससे माता अवश्य ही प्रसन्न होती हैं।

दूसरा दिन

दूसरा दिन माता ब्रह्मचारिणी का दिन है और माता ब्रह्मचारिणी के पूजन-अर्चन से आपके व्यक्तित्व में वैराग्य, सदाचार और संयम बढ़ने लगता है। इसलिए इस दिन माता को भोग के रूप में शक्कर चढ़ाएं। इसके साथ ही इस प्रसाद को घर के सभी सदस्यों को अवश्य ही दें। वास्तु शास्त्र के अनुसार माता के प्रसाद को ग्रहण करने से इंसान लंबी उम्र को प्राप्त करता है।

तीसरा दिन

तीसरे दिन माता चंद्रघंटा की पूजा की जाती है और कहा जाता है कि माता चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना से मानव सांसारिक कष्टों से मुक्ति पाते हैं। वही माता के भोग की बात करें तो मां को दूध से बनी मिठाइयां, खीर आदि का भोग लगाएं, जिससे माता चंद्रघंटा अधिक प्रसन्न होती हैं।

चौथा दिन

चौथे दिन मां कूष्मांडा की पूजा अर्चना की जाती है और माता को मालपुए का भोग लगाए जाने की प्रथा रही है। आप माता को लगाए भोग को ब्राह्मणों को दान करते हैं तो आपको अधिक फल प्राप्त होता है। इसके साथ ही इस भोग को घर के सभी सदस्यों को भी अवश्य ही ग्रहण करना चाहिए।

पांचवा दिन

पांचवें दिन माता स्कंदमाता की पूजा की जाती है और माता को केले का भोग चढ़ाया जाता है। कहा जाता है कि माता को केले का भोग लगाने से शारीरिक रोगों से मुक्ति मिलती है।

छठा दिन

नवरात्रि के छठें दिन माता कात्यायनी की पूजा अर्चना की जाती है और माता कात्यायनी को भोग के रूप में लौकी और शहद चढ़ाया जाता है।

इसे भी पढ़ें: नवरात्रि के पहले दिन सूर्य करेंगे तुला राशि में प्रवेश, जानिए इन राशियों को मिलेगा लाभ

सातवां दिन

सातवें दिन माता कालरात्रि की पूजा अर्चना की जाती है और माता कालरात्रि दुष्टों का नाश करने वाली होती हैं, इसीलिए माता कालरात्रि को गुड़ से बने भोग चढ़ाएं, जिससे आपको मनवांछित फल प्राप्त होगा।

आठवां दिन

नवरात्रि के आठवें दिन मां महागौरी की पूजा अर्चना के विधान बताए गए हैं और महागौरी की पूजा करने से मनुष्य के सभी पाप नष्ट हो जाते हैं। घर में सुख-समृद्धि आने लगती है। माता महागौरी को नारियल का भोग बेहद प्रिय है, इसीलिए नवरात्रि के आठवें दिन आप भोग के रूप में नारियल चढ़ाएं तो आपको मनोवांछित फल प्राप्त होगा।

नौवां दिन

नवरात्रि का नौवां दिन माता सिद्धिदात्री के लिए निश्चित है। कहा जाता है कि माता सिद्धिदात्री प्रसन्न हो गईं तो भक्तों के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं। इसीलिए आप माता को भोग के रूप में तिल के लड्डू चढ़ाएं तो आपको विशेष फल मिलेगा।  

नवरात्रों के नौ दिन आप माता के ये प्रिय भोग चढ़ा कर माता को प्रसन्न कर सकते हैं।

- विंध्यवासिनी सिंह

प्रमुख खबरें

NEET UG Re-Exam 2026 | NTA ने जारी की सख्त सुरक्षा एडवाइजरी, WhatsApp पर मिल रहे एडमिट कार्ड अपडेट्स, जानें ड्रेस कोड और ज़रूरी नियम

Energy Sector में Game Changer बनेगा कोयला गैसीकरण, G. Kishan Reddy बोले- आयात से मिलेगी मुक्ति

55 साल बाद पाकिस्तान ने चीन के साथ मिलकर की बड़ी गलती, एक्शन में भारत!

संयुक्त राष्ट्र में भारत का Pakistan पर अब तक का सबसे तीखा हमला, पाकिस्तान को फ्रेंकस्टीन स्टेट बताया